हिमाचल निकाय चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग, 72 फीसदी मतदान

हिमाचल प्रदेश के 51 निकायों में करीब 72 फीसदी मतदान हुआ। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना शुरू हो गई है, जबकि चार नगर निगमों की EVM स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं।

हिमाचल निकाय चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग, 72 फीसदी मतदान
  • हिमाचल निकाय चुनाव में करीब 72 फीसदी मतदान
  • 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों की मतगणना शुरू
  • चार नगर निगमों की EVM कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में शिफ्ट

हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में हुए चुनावों में इस बार मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में लगभग 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि कुछ मतदान केंद्रों की अंतिम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है, जिसके बाद मतदान प्रतिशत और बढ़ सकता है। माना जा रहा है कि इस बार निकाय चुनावों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज हो सकता है।

रामपुर में बुजुर्ग को मतदान के लिए ले जाते हुए NCC कैडेड्स।

वर्ष 2021 के निकाय चुनावों में करीब 73 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार यह आंकड़ा 75 प्रतिशत के पार जाने की संभावना जताई जा रही है। भारी मतदान को लेकर राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों में उत्सुकता बढ़ गई है।

मतदान समाप्त होने के बाद सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम की ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं प्रदेश की 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों में मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझान और परिणाम कुछ ही देर में सामने आने शुरू हो जाएंगे, जबकि चारों नगर निगमों की मतगणना 31 मई को करवाई जाएगी।

डीसी मंडी अपूर्व देवगन वोट देने से पहले अपनी बारी का इंतजार करते हुए।

राज्य में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह 9 बजे तक करीब 16 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद 11 बजे तक यह आंकड़ा 33 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर एक बजे तक लगभग 49 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ और दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रतिशत 72 फीसदी के करीब पहुंच गया।

प्रदेश के कई मतदान केंद्रों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। मंडी के मॉडल पोलिंग बूथ पर बुजुर्ग मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। वहीं शिमला के रामपुर में NCC कैडेट्स ने दिव्यांग मतदाता को परेड के साथ मतदान केंद्र तक पहुंचाया, जिसकी काफी सराहना हो रही है।

चुनाव प्रक्रिया पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण रही। हालांकि चंबा टाउन में वोट डालने जा रहे 75 वर्षीय अंजन शर्मा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया।

प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई थी। सुंदरनगर में 100 वर्षीय कुब्जा देवी ने मतदान कर लोगों को लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया। वहीं चिड़गांव में 100 वर्ष से अधिक आयु की मतदाता कौल दासी भी मतदान करने पहुंचीं।

मंडी के मॉडल पोलिंग बूथ पर सुबह-सुबह लगी लंबी लाइन।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन चुनावों के लिए कुल 3 लाख 62 हजार 667 मतदाता पंजीकृत थे। इन मतदाताओं ने प्रदेश के विभिन्न निकायों में 439 पार्षद पदों के लिए मैदान में उतरे 1147 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद कर दिया है।

मंडी जिला के निकायों में दोपहर एक बजे तक नगर निगम मंडी में 49.90 प्रतिशत, नगर परिषद जोगिंद्रनगर में 57.66 प्रतिशत, नगर परिषद नेरचौक में 59.80 प्रतिशत, नगर परिषद सरकाघाट में 54.52 प्रतिशत और नगर पंचायत करसोग में 62.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अब सभी की नजरें मतगणना और आने वाले चुनावी परिणामों पर टिकी हुई हैं। भारी मतदान को देखते हुए कई सीटों पर कड़े मुकाबले की संभावना जताई जा रही है।