हरियाणा के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 16 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी

हरियाणा के 8 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया, जबकि 16 मई से हीटवेव के आसार हैं।

हरियाणा के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 16 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी

हरियाणा के 8 जिलों में आज आंधी-बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी

प्रदेश के 12 शहरों में पारा 40 डिग्री पार, सिरसा सबसे गर्म जिला बना

16 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी, HAU ने हीटवेव जैसे हालात की चेतावनी दी

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने शुक्रवार को दक्षिण हरियाणा के 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है।

हिसार में दोपहर के समय गुरुवार को गर्मी के बीच छाता लेकर गुजरती बुजुर्ग महिला। - Dainik Bhaskar

मौसम विभाग ने बताया कि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, झज्जर और चरखी दादरी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हवा की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

गुरुवार को प्रदेशभर में गर्मी का असर बरकरार रहा। हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आज हरियाणा के दक्षिण इलाके में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रदेश के 12 से ज्यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इनमें नारनौल 42.7, भिवानी 42.5, रोहतक 42.0, हिसार 41.7, महेंद्रगढ़ 41.3, फरीदाबाद 41.1, नूंह 41.0, रेवाड़ी 40.9, गुरुग्राम 40.7, चरखी दादरी 40.7 और जींद 40.1 डिग्री दर्ज किया गया।

हालांकि रात के तापमान में लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। करनाल सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अंबाला, गुरुग्राम और नूंह में भी रात का तापमान 20 से 21 डिग्री के बीच रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 15 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर बना रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 16 मई से 20 मई तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश में हीटवेव जैसे हालात बनने की संभावना है।