पटवारी 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

फरीदाबाद में SV & ACB ने पटवारी जावेद को 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। इंतकाल सुधारने के नाम पर 50 हजार की मांग की गई थी, सहायक कैश लेकर फरार है।

पटवारी 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

फरीदाबाद में पटवारी 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
SV & ACB की रेड, आरोपी का निजी सहायक कैश लेकर फरार
इंतकाल ठीक करने के नाम पर 50 हजार की थी मांग


फरीदाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) ने बुधवार को हलका पटवारी जावेद को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी गौच्छी उप-तहसील में तैनात था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके गांव फिरोजपुर कलां में स्थित कृषि भूमि का अपने भतीजे कृष्ण के साथ आपसी तबादला कराया गया था। यह प्रक्रिया सब-रजिस्ट्रार कार्यालय गौच्छी में पूरी हुई, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल गलत दर्ज हो गया। इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए 24 मार्च को तहसीलदार को आवेदन दिया गया, जिसे पटवारी जावेद को मार्क कर दिया गया।

आरोप है कि पटवारी ने काम को जानबूझकर लंबित रखा और बाद में इंतकाल सही करने के नाम पर 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद SV & ACB ने मामले की पुष्टि कर कार्रवाई की योजना बनाई।

जांच एजेंसी की टीम ने ट्रैप लगाकर शिकायतकर्ता के जरिए आरोपी को 25 हजार रुपए दिलवाए। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली, उसे शक हो गया और उसने तुरंत पैसे अपने निजी सहायक को थमा दिए। टीम ने मौके पर पटवारी को पकड़ लिया, लेकिन सहायक नकदी लेकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फरार सहायक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और रिश्वत की रकम बरामद करने के प्रयास जारी हैं। मामला जांच के अधीन है।