फरीदाबाद में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार रंगदारी मांगने वाले आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा

फरीदाबाद में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने ठेके और प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी मांगी थी।

फरीदाबाद में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार  रंगदारी मांगने वाले आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा

फरीदाबाद में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार
शराब ठेके और प्रॉपर्टी डीलर से 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
फायरिंग के दौरान एक बदमाश के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद

मुठभेड़ में टूटी बदमाशों की हिम्मत, रंगदारी गैंग के दो सदस्य दबोचे


फरीदाबाद जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बल्लभगढ़ क्षेत्र के सोतेई गांव के पास बुधवार रात करीब 10 बजे मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों आरोपी वही हैं, जिन्होंने कुछ दिन पहले एक शराब के ठेके और प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी और मोटी रंगदारी की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने शराब ठेके से 10 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रॉपर्टी डीलर विनोद भाटी से ₹50 लाख की फिरौती की मांग करते हुए धमकी भरी पर्ची फेंकी थी। पर्ची में साफ लिखा गया था कि पैसे नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।

मौके पर जांच करती पुलिस।

पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों बदमाश दोबारा उसी इलाके में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी।

कुछ ही देर बाद संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने उनका पीछा किया और आरोपी जंगलनुमा रास्ते की ओर भागने लगे।

भागते समय बदमाशों में से एक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मच्छगर निवासी खान गुर्जर उर्फ अनिल के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बाइक असंतुलित हो गई और दोनों आरोपी गिर पड़े।फायरिंग के बाद मौके पर पड़े खोल।

इसी दौरान दूसरा आरोपी मनीष भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार और बाइक भी बरामद कर ली है।वारदात के बाद बदमाशों की पड़ी बाइक।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित तरीके से रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गैंग में और कौन-कौन शामिल हैं और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड क्या हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।