हरियाणा के यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी चर्चा में: लग्न टीके में 71 लाख कैश, 21 तोला सोना दिया गया

गुरुग्राम के मशहूर यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी चर्चा में। लग्न टीके के वायरल वीडियो में 71 लाख रुपए कैश और 21 तोला सोना दिए जाने का दावा।

हरियाणा के यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी चर्चा में: लग्न टीके में 71 लाख कैश, 21 तोला सोना दिया गया

➤ लग्न टीके का वीडियो वायरल, इंस्टाग्राम पर खुद अरुण ने किया शेयर

➤ दहेज नहीं, ‘दान’ बताकर गिनाए गए 71 लाख रुपए और 21 तोला सोना

➤ ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार और डॉक्टर तिथि आज लेंगे सात फेरे


हरियाणा के गुरुग्राम निवासी मशहूर ऑटोमोबाइल यूट्यूबर अरुण पंवार की शादी मंगलवार 3 फरवरी को हो रही है, लेकिन उनकी शादी एक वीडियो के कारण जबरदस्त चर्चा में आ गई है। यह वीडियो लग्न टीके का है, जिसमें अरुण को 71 लाख रुपए नकद और 21 तोला सोना दिए जाने का दावा किया गया है। इस वीडियो को खुद अरुण पंवार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

अरुण पंवार मूल रूप से सोहना के इंदरी गांव के रहने वाले हैं। उनका लग्न टीका 30 जनवरी को हुआ था। अरुण जिस युवती के साथ विवाह बंधन में बंध रहे हैं, उनका नाम डॉ. तिथि है, जिनका परिवार पलवल में रहता है। दोनों की शादी नेशनल हाईवे-19 स्थित ग्रीनलैंड 44 फार्म हाउस में संपन्न होगी।

लग्न टीके के वायरल वीडियो को लेकर जब दैनिक भास्कर की टीम ने अरुण पंवार से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में कागज लेकर यह पढ़ता नजर आ रहा है कि यह दहेज नहीं बल्कि ‘दान’ है। वह बताता है कि लड़के के लिए साढ़े 5 तोले की सोने की चेन, 4 तोले का ब्रेसलेट, दो सोने की अंगूठियां (सगाई और लग्न की), लड़के के पिता की चेन और अंगूठी, ताऊ और भाइयों की अंगूठियां, मां, भाभी और बहन के लिए सोने के जेवरात दिए गए हैं। इसके साथ ही कुल 21 तोला सोना और 71 लाख रुपए कैश दिए जाने का जिक्र किया गया है।

हल्दी के फंक्शन पर डांस करते अरुण और डॉ. तिथि।

दुल्हन डॉ. तिथि का प्रोफाइल

डॉ. तिथि मूल रूप से हथीन के गहबल गांव की रहने वाली हैं और उनका परिवार काफी समय से पलवल शहर में रह रहा है। उन्होंने MBBS की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल जयपुर से MD कर रही हैं। उनके भाई रोहतक के PGI में डॉक्टर हैं। तिथि के पिता गोपाल सिंह सोनी एक बड़ी कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत हैं।

कौन हैं अरुण पंवार

अरुण पंवार एक प्रसिद्ध ऑटोमोबाइल यूट्यूबर हैं। उन्होंने कंप्यूटर एप्लीकेशन में BCA किया है, लेकिन कारों और टेक्नोलॉजी में उनकी गहरी रुचि रही। इसी रुचि ने उन्हें डिजिटल दुनिया में पहचान दिलाई।

2019 से शुरू किया यूट्यूब करियर

अरुण ने साल 2019 में यूट्यूब चैनल शुरू किया। उनके चैनल पर कार रिव्यू, नई गाड़ियों के फीचर्स, माइलेज, ओनरशिप एक्सपीरियंस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी जानकारियां सरल भाषा में दी जाती हैं, जिससे उन्हें लाखों फॉलोअर्स मिले।

लग्जरी कारों का कलेक्शन

ऑटोमोबाइल प्रेम के चलते अरुण पंवार के पास किया सेल्टोस, फोर्ड एंडेवर, टोयोटा फॉर्च्यूनर और महिंद्रा थार जैसी कई लग्जरी गाड़ियां हैं। डिजिटल सफलता के बाद उन्होंने ऑटोमोबाइल से जुड़े ऑनलाइन बिजनेस की भी शुरुआत की है।