शादी का दबाव बनाया तो प्रेमी ने प्रेमिका का काट दिया गला
यमुनानगर में मिली सिर कटी महिला की लाश का पुलिस ने खुलासा किया। प्रेमी ने शादी का दबाव बनने पर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए गर्दन काट दी।
- शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या
- पहचान मिटाने के लिए गर्दन काटकर जंगल में फेंका सिर
- निकाह से एक दिन पहले आरोपी गिरफ्तार, सनसनीखेज खुलासा
हरियाणा के यमुनानगर में एक सप्ताह पहले मिली महिला की सिर कटी नग्न लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी उमा के रूप में हुई है। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला उसका प्रेमी बिलाल निकला, जिसे यमुनानगर पुलिस ने उसके निकाह से ठीक एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया।
यमुनानगर एसपी कमलदीप गोयल के अनुसार, उमा पहले से शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां थी। वह लंबे समय से पति से अलग रह रही थी और परिवार से भी उसका संपर्क टूट चुका था। करीब दो साल पहले सहारनपुर में उसकी मुलाकात पेशे से ड्राइवर बिलाल से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस दौरान उमा का पूरा खर्च बिलाल ही उठाता था।
समय के साथ बिलाल इस रिश्ते से उबने लगा। उसके परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर चुके थे और 14 दिसंबर को निकाह होना था। उमा लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी दबाव से छुटकारा पाने और अपनी शादी बचाने के लिए बिलाल ने उमा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
6 दिसंबर की शाम बिलाल ने उमा को घुमाने के बहाने कार में बैठाया और यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र की ओर ले गया। कलेसर जंगल के पास सुनसान इलाके में उसने कार की सीट बेल्ट से उमा का गला घोंट दिया। मौत के बाद पहचान छिपाने के लिए उसने उमा की गर्दन काट दी और शव के कपड़े उतार दिए। धड़ को बहादुरपुर इलाके में पॉपुलर की नर्सरी में फेंक दिया, जबकि कटा सिर पॉलिथीन में डालकर कलेसर जंगल में खाई में फेंक आया, ताकि जानवर उसे खा जाएं।
शव मिलने के बाद यह मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया था। सिर न मिलने के कारण पांच दिन तक पोस्टमॉर्टम भी नहीं हो सका। पुलिस ने SIT गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक यूपी नंबर की कार नजर आई। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची। जब पुलिस बिलाल के घर पहुंची तो वहां निकाह की तैयारियां चल रही थीं।
पूछताछ में बिलाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर रविवार को हिमाचल-हरियाणा सीमा पर लालढांग के पास कलेसर जंगल से उमा का कटा सिर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगने की तैयारी की है, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सबूत बरामद किए जा सकें।
Author1