चंडीगढ़ के दामाद बने हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने चंडीगढ़ में डॉ. अमरीन कौर से शादी की। अमरीन अब बुशहर रियासत की रानी बनीं। 24 सितंबर को शिमला में होगा रिसेप्शन।
➤ हिमाचल के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह और डॉ. अमरीन कौर विवाह बंधन में बंधे
➤ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर अमरीन कौर बनीं बुशहर रियासत की रानी
➤ कंगना रनोट ने भी दी शुभकामनाएं, बोलीं- हिमाचल के राजकुमार को बधाई
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह विवाह बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमरीन कौर से शादी की। खास बात यह रही कि यह शादी बेहद सादगीपूर्ण माहौल में, गिने-चुने मेहमानों की मौजूदगी में चंडीगढ़ में संपन्न हुई।
विवाह के साथ ही डॉ. अमरीन कौर हिमाचल के शिमला जिले की बुशहर रियासत की रानी बन गई हैं। विक्रमादित्य सिंह, हिमाचल की राजनीति में अहम स्थान रखते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार, नवविवाहित जोड़ा सोमवार देर शाम तक शिमला पहुंचेगा, जहां होली लॉज में दुल्हन का गृह प्रवेश होगा। इसके अलावा, 24 सितंबर को शिमला में कैबिनेट सहयोगियों, कुछ विधायकों और करीबी रिश्तेदारों के लिए एक खास पार्टी आयोजित की जाएगी।
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह की राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और अभिनेत्री कंगना रनोट ने भी उन्हें बधाई दी। कंगना ने कहा कि हिमाचल के राजकुमार को वह जीवन के इस नए सफर की शुभकामनाएं देती हैं।