गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम चैट के शक में पहले बीयर पिलाई गई, फिर गला घोंटकर रेलवे ट्रैक पर शव फेंका

टोहाना में 16 वर्षीय पीयूष की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम चैट के शक में बीयर पिलाकर गला घोंटा गया और शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।

गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम चैट के शक में पहले बीयर पिलाई गई, फिर गला घोंटकर रेलवे ट्रैक पर शव फेंका
  • गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम चैट बना हत्या की वजह
  • बीयर पिलाकर नाबालिग का गला घोंटा, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव
  • टोहाना पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शहर थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक आरोपी की गर्लफ्रेंड से इंस्टाग्राम पर चैट करता था, जिससे नाराज होकर उसकी हत्या की साजिश रची गई।

मृतक की पहचान शक्ति नगर निवासी पीयूष के रूप में हुई है, जो सैलून में काम सीख रहा था। 9 दिसंबर की शाम आरोपी सुरेंद्र और अमन उसे वेदप्रकाश की दुकान से बहाने से अपने साथ ले गए। शाम करीब साढ़े सात बजे पीयूष ने घर फोन कर कहा कि वह 15 मिनट में लौट आएगा, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले पीयूष को बीयर पिलाई। नशे की हालत में होने के बाद कपड़े से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव को ठिकाने लगाने के इरादे से पहले नहर में फेंकने की योजना थी, लेकिन ट्रेन आता देख दोनों आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया। ट्रेन गुजरने से शव के कई टुकड़े हो गए।

पीयूष के पिता ने बेटे के लापता होने पर पुलिस में शिकायत दी थी। शुरुआत में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ी। फुटेज में दोनों आरोपी पीयूष को अपने साथ ले जाते दिखे, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।

शहर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र ने कई बार पीयूष को लड़की से बात न करने की चेतावनी दी थी। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो अमन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।