Video- सूरजकुंड मेला हादसा: इंस्पेक्टर को शहीद का दर्जा, एक करोड़ मुआवजा, एक परिजन को नौकरी मिलेगी
फरीदाबाद सूरजकुंड मेले में झूला हादसे में SHO इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत, DGP ने शहीद का दर्जा देने की घोषणा की, परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी।
➤ ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, 31 मार्च को थी रिटायरमेंट
➤ DGP अजय सिंघल का ऐलान: शहीद का दर्जा, परिवार को ₹1 करोड़ और सरकारी नौकरी
➤ सुनामी झूले पर 18 लोग सवार थे, 12 घायल; झूला जोन बंद, वेंडर पर FIR
हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम झूले के गिरने से पलवल जिले के चांदहट थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हैं। रविवार को घायलों का हाल जानने पहुंचे हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को शहीद का दर्जा देने की घोषणा की।
शहीद के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार और राजकीय सम्मान की घोषणा की। बता दें कि हादसे के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने एहतियातन मेला ग्राउंड खाली करा दिया और झूला जोन को तत्काल बंद कर दिया गया। अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
परिवार के अनुसार, इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव डेगर के मूल निवासी थे। उन्होंने 1989 में हरियाणा पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती होकर अपनी सेवा शुरू की थी। वे 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। नवंबर 2025 में ही उन्हें चांदहट थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शहीद इंस्पेक्टर के परिवार और घायलों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रशासन को हरसंभव सहायता के निर्देश दिए हैं।
14वें राउंड में हुआ हादसा, वीडियो आया सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुनामी झूले पर हादसे के समय 18 लोग सवार थे। झूला अपने 14वें राउंड के दौरान ऊपर से नीचे आते समय संतुलन खो बैठा और अचानक गिर पड़ा।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें झूला गिरते ही लोगों को इधर-उधर भागते देखा जा सकता है। हादसे के बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने झूला जोन के वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत निजी अस्पताल और बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर देर रात तक मौजूद रहीं।
Akhil Mahajan