मां से अफेयर के शक में युवक की हत्या! खेतों में ले जाकर पीट-पीटकर मार डाला, पिता को फोन कर कहा- शव उठा ले जाओ
सोनीपत के राई क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में परिवार ने प्रेम प्रसंग के आरोपों को खारिज करते हुए 40 हजार रुपये के विवाद को वजह बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ मां से अफेयर के शक में 26 वर्षीय युवक की हत्या का आरोप
➤ खेतों में ले जाकर लाठी-डंडों से पीटने के बाद पिता को किया फोन
➤ परिजनों ने प्रेम प्रसंग नहीं, 40 हजार के लेनदेन को बताया हत्या की वजह
हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने युवक को खेतों में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने मृतक के पिता को फोन कर हत्या की जानकारी दी और शव ले जाने को कहा।
मृतक की पहचान विशाल (26) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मेरठ के खंदावली गांव का रहने वाला था और राई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित राजधानी बेसन कंपनी में प्लांट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। घटना शनिवार देर शाम उस समय हुई, जब वह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था।
मृतक के पिता शिवकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात पड़ोसी अनुज का फोन आया। फोन पर पीछे से विशाल के चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब उन्होंने बेटे से बात कराने को कहा तो आरोपियों ने कहा कि "विशाल को खत्म कर दिया है, यहां से उठाकर ले जाओ।" इसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि विशाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
पिता ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ओमबीर को शक था कि विशाल का उसकी पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी वजह से उसका बेटा अनुज विशाल से रंजिश रखता था। वहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ओमबीर ने विशाल से 40 हजार रुपये उधार लिए थे और पैसे वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया। उनका कहना है कि रुपये लौटाने से बचने के लिए प्रेम प्रसंग की कहानी गढ़ी गई और बेटे की हत्या कर दी गई।
दूसरी ओर मृतक के भाई अतुल ने प्रेम प्रसंग की बात को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि हत्या की असली वजह रुपये का लेनदेन था। आरोपियों ने पैसे वापस नहीं देने पड़ें, इसलिए महिला का नाम बीच में लाकर पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रूप देने की कोशिश की।
परिजनों का आरोप है कि घटना वाली रात आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे थे। विशाल को रास्ते में रोककर जबरन सुनसान इलाके और खेतों की ओर ले जाया गया, जहां पूरी रात उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि लाठी-डंडों से तब तक पीटा गया, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने पिता शिवकुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Akhil Mahajan