पांच करोड़ की फिरौती कांड के बदमाशों पर शिकंजा, एसटीएफ ने मुठभेड़ में पकड़े तीन शातिर, दो गोली लगने से घायल
सोनीपत में एसटीएफ और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल और एक गिरफ्तार। बरामद हुए हथियार और वाहन। यह वही गैंग था जिसने पंखा फैक्टरी मालिक का अपहरण किया था।
➤ खेड़ी दमकन रोड पर एसटीएफ और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़
➤ दो बदमाश घायल, एक साथी गिरफ्तार, हथियार और वाहन बरामद
➤ यह वही गैंग था जिसने 16 सितंबर को पंखा फैक्टरी मालिक का अपहरण किया था
सुशील मोर
सोनीपत जिले के गांव खेड़ी दमकन रोड पर शनिवार सुबह एसटीएफ यूनिट और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए और उनके साथी मोहम्मद साहिल को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
यह वही गैंग है जिसने 16 सितंबर 2025 को सोनीपत के पंखा फैक्टरी मालिक नीटू दांगी का अपहरण कर उसके पिता से पाँच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस के मुताबिक, कपिल और दीपक निवासी गांव निजामपुर लंबे समय से फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास, लूट, रंगदारी और गैंगवार जैसे करीब दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पर पाँच-पाँच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
शनिवार सुबह जब एसटीएफ यूनिट ने इनकी लोकेशन ट्रेस की और इन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को पैरों में गोली मार दी, जबकि तीसरे साथी मोहम्मद साहिल को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए गोहाना के सिविल अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ में पुलिस ने दो देसी कट्टे और एक एक्सयूवी 300 गाड़ी बरामद की। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एसटीएफ यूनिट सोनीपत के इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने किया। मौके पर सोनीपत पुलिस और एसटीएफ के आला अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई अपराध की कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता है और गैंग के बाकी आरोपियों की भी धरपकड़ जल्द की जाएगी।
Akhil Mahajan