सोनीपत में दो साल भी नहीं चली करोड़ों की सड़कें, "आप" नेता ने गड्ढों में बैठ किया प्रदर्शन

Sonipat Roads, AAP Haryana, Devendra Gautam, Corruption, Road Construction

सोनीपत में दो साल भी नहीं चली करोड़ों की सड़कें, "आप" नेता ने गड्ढों में बैठ किया प्रदर्शन
  • दो साल भी नहीं चली करोड़ों की सड़कें, "आप" नेता ने जताई नाराजगी
  • देवेन्द्र गौतम सड़कों के गड्ढों में बैठकर किया प्रतीकात्मक प्रदर्शन
  • सरकार और प्रशासन से घटिया निर्माण सामग्री के जिम्मेदारों पर FIR दर्ज करने की मांग

सोनीपत में करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें महज़ दो साल भी नहीं टिक पाईं और अब जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए "आप" हरियाणा के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी देवेन्द्र गौतम ने शनिवार को विधायक कार्यालय से कुछ दूरी पर सड़कों के गहरे गड्ढों में बैठकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।

गौतम ने कहा कि यह हाल जनता के टैक्स के पैसे के खुलेआम दुरुपयोग और भ्रष्टाचार को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों सड़कों का निर्माण इतने कम समय में उखड़ जाता है जबकि नेशनल हाईवे सालों-साल टिके रहते हैं।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से पाँच सीधे सवाल पूछे:

  1. सिर्फ़ 2 साल पहले बनी सड़कें इस हालत में कैसे पहुँच गईं

  2. सड़क निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर कौन जवाब देगा

  3. ठेकेदार की गारंटी और जिम्मेदारी क्यों तय नहीं होती

  4. हर बार नए टेंडर और नए निर्माण की आड़ में किसकी जेब भरी जा रही है

  5. क्या जनता के पैसों से सिर्फ़ दिखावे और शिलान्यास का काम होगा

गौतम ने कहा कि यह जनता से धोखा है और भ्रष्टाचार का गड्ढों में दफ़न विकास मॉडल है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से तीन बड़ी माँगें रखीं:

  1. ठेकेदारों से उनकी बनाई सड़कों की गारंटी अवधि पूछी जाए

  2. घटिया निर्माण सामग्री के जिम्मेदारों पर FIR दर्ज की जाए

  3. सोनीपत की हर मुख्य सड़क की जांच कर भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों और नेताओं के नाम उजागर किए जाएँ

गौतम ने कहा – “जनता सवाल पूछ रही है — क्या सोनीपत में विकास का मतलब सिर्फ़ भ्रष्टाचार का इंजन चलाना है? सरकार बताए कि टैक्स भरने के बावजूद टूटी सड़कों का तोहफ़ा क्यों मिल रहा है।”