सोनीपत में अस्पताल के ICU इंचार्ज की संदिग्ध मौ*त! परिजनों ने उठाए सवाल
सोनीपत के प्राईमैक्स हॉस्पिटल में ICU इंचार्ज की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हॉस्पिटल पर सवाल उठाए, पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार।
- सोनीपत के प्राईमैक्स हॉस्पिटल में ICU इंचार्ज की संदिग्ध मौत
- परिवार ने हॉस्पिटल प्रबंधन पर लगाए गंभीर सवाल
- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जांच में जुटी
सोनीपत के प्राईमैक्स हॉस्पिटल में ICU इंचार्ज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद परिजनों ने हॉस्पिटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि मौत की परिस्थितियां पूरी तरह संदिग्ध हैं और उन्हें सही जानकारी नहीं दी जा रही है।
मृतक के पिता वीरेंद्र ने बताया कि उन्हें देर रात एक कॉल आई, जिसमें हॉस्पिटल तुरंत पहुंचने को कहा गया। सूचना मिलते ही वह हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि उनके बेटे की हालत बिगड़ गई है। परिजनों का कहना है कि जिस समय घटना हुई, उस दौरान हॉस्पिटल में मौजूद लोगों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
परिवार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में मृतक कुछ समय पहले तक सामान्य दिखाई दे रहा था। आरोप है कि बाद में उसे बाथरूम की ओर ले जाया गया, जहां अंदर से चटकनी लगी हुई थी और दरवाजा टूटा हुआ पाया गया। परिजनों का कहना है कि दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हॉस्पिटल की तरफ से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
पिता का कहना है कि उनके बेटे का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और वह अपने काम को लेकर हमेशा जिम्मेदार रहा। मृतक ICU इंचार्ज के पद पर कार्यरत था और लंबे समय से इसी फील्ड में काम कर रहा था। परिवार ने मांग की है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट निष्पक्ष तरीके से सामने लाई जाए।
फिलहाल पुलिस को शिकायत दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो पाएगी।
Akhil Mahajan