सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर फायरिंग, 2 करोड़ की फिरौती के बाद शोरूम पर गोलियां

सोनीपत के बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। दो महीने पहले 2 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद हुई इस वारदात को पुलिस गैंग एंगल से जोड़कर जांच कर रही है।

सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर फायरिंग,  2 करोड़ की फिरौती के बाद शोरूम पर गोलियां

सोनीपत में सप्लीमेंट शोरूम पर दिनदहाड़े फायरिंग
गोदारा गैंग के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती की थी मांग
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, शूटरों की तलाश तेज


हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार को उस समय दहशत फैल गई जब बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वारदात के दौरान एक बदमाश शोरूम के अंदर घुसा और रिसेप्शन पर बैठे युवक को गोली मारने की धमकी दी। युवक के पीछे हटते ही आरोपी बाहर निकला और शोरूम के शीशे पर गोली चला दी। गोली लगने से शीशा चकनाचूर हो गया और बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी क्राइम विपिन कादियान, एसीपी विजिलेंस अजय धनखड़ और सीआईए टीम सहित स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक खाली खोल बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले शोरूम के मालिक वीरेंद्र पहल से कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। 27 दिसंबर 2025 को कथित तौर पर गैंग के शूटर महेंद्र ढीढलाना ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। कॉल के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी गई थी, जिसमें रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।

फायरिंग की इस घटना को फिरौती से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि व्यापारियों में फैली दहशत को कम किया जा सके।