मां के सामने बेटे की हत्या करने वाला दोस्त निकला, 3 बदमाश मुठभेड़ के बाद पकड़े, 2 को गोलियां लगीं

सोनीपत में लूट और हत्या के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल, तीसरा गिरफ्तार। मां के सामने बेटे की हत्या का खुलासा।

मां के सामने बेटे की हत्या करने वाला दोस्त निकला,  3 बदमाश मुठभेड़ के बाद पकड़े, 2 को गोलियां लगीं
  • मां के सामने बेटे की चाकू मारकर हत्या करने वाला दोस्त निकला आरोपी
  • सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार, दो के पैरों में लगी गोली
  • लूट के इरादे से घर में घुसे थे बदमाश, वारदात के बाद से पुलिस कर रही थी तलाश


हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके तीसरे साथी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को तुरंत सोनीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश 7 जनवरी को मल्ला माजरा गांव में हुई लूट और हत्या की वारदात में शामिल थे। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर साहिल नामक युवक की उसकी मां के सामने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक मृतक साहिल का दोस्त शेखर है। शेखर का साहिल के घर आना-जाना था और उसे घर की पूरी जानकारी थी। उसने वारदात से पहले कई दिनों तक घर की रेकी की थी और फिर साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

मंगलवार रात एंटी गैंगस्टर यूनिट को सूचना मिली कि बदमाश खेड़ी मनाजात-माजरा रोड के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने PSI विवेक और PSI जितेंद्र पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।

इस दौरान नाहरा गांव निवासी शेखर और दिल्ली की जेजे कॉलोनी निवासी सफीक के पैरों में एक-एक गोली लगी। तीसरे आरोपी बवाना निवासी सद्दाम को मौके से ही दबोच लिया गया। बदमाशों के कब्जे से दो देसी कट्टे, एक बैग और चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दोबारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 7 जनवरी की रात चार बदमाश घर में घुसे थे। बदमाशों के पास पिस्तौल, चाकू और लकड़ी काटने वाला हथियार था। उन्होंने पहले महिला से ज्वेलरी लूटी, फिर विरोध करने पर उसके बेटे साहिल को घेर लिया। बदमाशों ने साहिल से अलमारी की चाबी लेने के बावजूद उसकी छाती में चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।