सोनीपत में ₹25 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, जमीन का इंतकाल और कब्जा दिलाने के बदले मांगी थी घूस
सोनीपत में ACB ने जमीन की तकसीम, इंतकाल और कब्जा दिलाने के बदले ₹25 हजार रिश्वत लेते कानूनगो राजेश मलिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
➤ सोनीपत में ₹25 हजार रिश्वत लेते कानूनगो राजेश मलिक गिरफ्तार
➤ जमीन की तकसीम, इंतकाल और कब्जा दिलाने के बदले मांगी थी घूस
➤ ACB ने तहसील राई से रंगे हाथ पकड़ा, आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा
सोनीपत। जमीन की तकसीम, इंतकाल और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के बदले ₹25 हजार रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कानूनगो को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश मलिक कानूनगो के रूप में हुई है। ACB की सोनीपत यूनिट ने उसे रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ ACB रोहतक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामले में ACB की टीम आगे जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चाचा की जमीन के मामले में हुई थी कानूनगो से मुलाकात
ACB को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके चाचा की जमीन से संबंधित मामले में नायब तहसीलदार की अदालत से आदेश जारी हो चुके थे। इसके बाद जमीन की तकसीम सनद, इंतकाल और भूमि का कब्जा दिलवाने की कार्रवाई करवाने के लिए वह कानूनगो राजेश से मिला था।
आरोप है कि संबंधित काम करवाने में मदद करने की एवज में कानूनगो ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत ACB को दी।
शिकायत मिलते ही ACB ने बिछाया ट्रैप
ACB इंस्पेक्टर उषा ने बताया कि शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की सूचना एसीबी को दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की। इसके बाद नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की गई।
ACB की सोनीपत यूनिट की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजेश कानूनगो (52) को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ा।
हलका तहसील राई में कानूनगो के पद पर था तैनात
गिरफ्तार आरोपी राजेश कानूनगो हलका तहसील राई में कानूनगो के पद पर तैनात था। उसके पास सोनीपत और राई दोनों जगह का चार्ज बताया गया है। आरोपी हाल में मलिक कॉलोनी, सोनीपत में रह रहा था।
ACB की टीम अब मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपी से संबंधित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की जीरो टॉलरेंस नीति
ACB के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में एसीबी की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कानून से ऊपर नहीं है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ सामने आने की अपील की।
रिश्वत मांगे तो इन नंबरों पर दें सूचना
डॉ. ए.एस. चावला ने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने की एवज में रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत ACB के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दी जाए।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मामले में गिरफ्तार कानूनगो को अब कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Akhil Mahajan