अफसरों को शक्तियां याद दिलाने के लिए हनुमान चालीसा पाठ, सोनीपत में अनोखा प्रदर्शन

सोनीपत में अधिकारियों को शक्तियां याद दिलाने के लिए 21 दिन हनुमान चालीसा पाठ शुरू हुआ। DC, CP और निगम कमिश्नर की फोटो वाले बोर्ड लगाकर समस्याएं उठाईं।

अफसरों को शक्तियां याद दिलाने के लिए हनुमान चालीसा पाठ, सोनीपत में अनोखा प्रदर्शन

➤ सोनीपत में अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड लगाकर 21 दिन तक हनुमान चालीसा पाठ शुरू

➤ DC, पुलिस कमिश्नर और निगम कमिश्नर के सामने सड़क, नशा और सफाई व्यवस्था के मुद्दे उठाए

➤ प्रदर्शनकारी का आरोप- रात में पुलिस बोर्ड उतारकर ले गई, वापस नहीं मिले तो थाने में देंगे शिकायत


सोनीपत में प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी शक्तियां याद दिलाने के लिए एक अनोखा प्रदर्शन शुरू किया गया है। शहर के सुभाष चौक पर DC नेहा सिंह, पुलिस कमिश्नर ममता सिंह और नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार की फोटो वाले बोर्ड लगाए गए। इन बोर्डों पर शहर की अलग-अलग समस्याओं को लिखकर अधिकारियों से उनके समाधान की मांग की गई।

पुलिस से रिटायर्ड स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) पवन कुमार के नेतृत्व में लोग 21 दिन तक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। पवन कुमार का कहना है कि इन बोर्डों को लगाने का उद्देश्य अधिकारियों का अपमान करना नहीं, बल्कि उन्हें उनके पास मौजूद प्रशासनिक शक्तियों की याद दिलाना है।

पवन कुमार ने आरोप लगाया कि रात में सिविल लाइन थाना पुलिस अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड उतारकर अपने साथ ले गई। अब वह पुलिस से इन बोर्डों को वापस मांग रहे हैं। उनका कहना है कि यदि बोर्ड वापस नहीं किए गए तो थाने में शिकायत दी जाएगी।

इस मामले में सिविल लाइन थाना SHO परविंद्र सिंह से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई।

21 दिन तक सुबह-शाम होगा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ

पवन कुमार ने बताया कि वह 2009 में सेना से रिटायर हुए थे। इसके बाद उन्होंने करीब 12 साल तक हरियाणा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के तौर पर काम किया। 31 जुलाई को वह SPO की सेवा से भी रिटायर हुए। फिलहाल वह आशा धाम NGO के साथ सेवा कार्यों से जुड़े हैं।

उनका कहना है कि शहर की समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाई गईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करने का फैसला लिया।

यह पाठ 5 सितंबर से शुरू हुआ है और 21 दिनों तक चलेगा। सुबह 10 बजे से 10:15 बजे और शाम 6 बजे से 6:15 बजे तक सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है।

पवन कुमार के अनुसार, इस दौरान भगवान से प्रार्थना की जाएगी कि तीनों अधिकारियों को शहर की समस्याएं दूर करने की शक्ति मिले

DC नेहा सिंह की फोटो वाले बोर्ड पर सड़क, ट्रैफिक और सीवर व्यवस्था का मुद्दा

पवन कुमार ने DC नेहा सिंह की फोटो वाले पोस्टर पर शहर की सड़क, ट्रैफिक और सीवर व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाई हैं। उनका कहना है कि चौक-चौराहों पर रेड लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराई जानी चाहिए और उनकी नियमित देखरेख होनी चाहिए।

उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। इसके साथ ही पैदल चलने वाले लोगों के लिए रास्ते खाली कराने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है।

पवन कुमार का कहना है कि सड़कों और सीवर व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय कर इन समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के सामने नशे और देह व्यापार का मुद्दा

पुलिस कमिश्नर ममता सिंह की फोटो वाले बोर्ड के जरिए शहर में नशे और अपराध से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि कई कॉलोनियों में नशा बिक रहा है और पुलिस को इसकी जानकारी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने मामा-भांजा चौक से बस स्टैंड तक देह व्यापार का मुद्दा भी उठाया और इस पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि सड़क किनारे महिलाओं के खड़े रहने से समाज और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है।

पवन कुमार के अनुसार, पुलिस के पास कार्रवाई करने की शक्ति है और उसका प्रभावी इस्तेमाल कर इन समस्याओं पर नियंत्रण किया जाना चाहिए।

निगम कमिश्नर हर्षित कुमार से सफाई और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग

नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार की फोटो वाले बोर्ड पर शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं। पवन कुमार ने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी और कचरा पड़ा हुआ है

उन्होंने कहा कि कचरे से निकलने वाली जहरीली गैस और खराब वातावरण के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था बेहतर कराने और कचरा जमा होने की समस्या दूर करने की मांग की।

इसके अलावा फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाने और कॉलोनियों में बढ़ रही कमर्शियल गतिविधियों को लेकर व्यवस्था सुधारने की मांग भी रखी गई। पवन कुमार का कहना है कि नगर निगम उपलब्ध कर्मचारियों का प्रभावी इस्तेमाल कर शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर कर सकता है।

पवन कुमार बोले- अधिकारियों का अपमान करना मकसद नहीं

पवन कुमार ने कहा कि तीनों अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड उनका अपमान करने के लिए नहीं लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि तीनों अधिकारी उनके लिए आदरणीय हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह हनुमान जी को उनकी शक्तियां याद दिलाई गई थीं, उसी तरह प्रशासनिक अधिकारियों के पास भी अपने-अपने विभागों में कार्रवाई करने की शक्तियां हैं। इन शक्तियों का इस्तेमाल होने पर शहर की स्थिति में सुधार हो सकता है।

पवन कुमार ने आरोप लगाया कि सुभाष चौक पर लगाए गए तीनों अधिकारियों की फोटो वाले बोर्ड रात में सिविल लाइन थाना के PSI आशु राव उतारकर ले गए

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को बोर्ड पर आपत्ति थी तो दिन में उनसे बात की जा सकती थी और उन्हें बोर्ड हटाने के लिए कहा जा सकता था। अब वह पुलिस से अपने बोर्ड वापस मांग रहे हैं।

निगम कमिश्नर बोले- शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई होगी

नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार ने कहा कि हरियाणा भर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन चल रहा है। इसके बावजूद सोनीपत शहर में उपलब्ध कर्मचारियों के माध्यम से अतिरिक्त प्रयास कर सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था या अन्य समस्या को लेकर शिकायत है तो वह नगर निगम कार्यालय में लिखित शिकायत दे सकता है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।