व्यापारी के बेटे का अपहरण करने के बाद करनी थी हत्या, पहले ही पुलिस ने दबोचा गैंगस्टर
सोनीपत की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार के इनामी बदमाश विक्रम उर्फ भूसी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या, लूटपाट और अवैध हथियार रखने के कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में अपहरण की साजिश का खुलासा हुआ है।
➤ स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर 7 ने बड़ी सफलता हासिल की
➤ 5000 के इनामी बदमाश विक्रम उर्फ भूसी को बहालगढ़ से गिरफ्तार किया गया
➤ आरोपी के कब्जे से अवैध 32 बोर पिस्टल बरामद
सुशील मोर
सोनीपत: स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर 7 ने अपराध जगत में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 हजार के इनामी बदमाश विक्रम उर्फ भूसी को बहालगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल भी बरामद की है। इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी अजय धनखड़ ने किया।
पूछताछ में जानकारी मिली कि आरोपी ने एक व्यापारी के बेटे का अपरहण कर हत्या करने की योजना बनाई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विक्रम पर पहले से ही हत्या, लूटपाट और अवैध हथियार रखने के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से पैरोल पर बाहर आया था और पैरोल अवधि के दौरान भी अपराध में संलिप्त पाया गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि विक्रम ने किसी व्यक्ति को किडनैप कर संगीन वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। समय रहते पुलिस की कार्रवाई ने इस संभावित अपराध को टाल दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि पैरोल पर रहने के दौरान विक्रम किन लोगों से संपर्क में था और किन आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुआ। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे आगे की गहन पूछताछ की जा सके और अन्य आपराधिक मामलों का खुलासा हो सके।
इस गिरफ्तारी को टीम की विशेष उपलब्धि माना जा रहा है और पुलिस अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण कदम बताया।
Akhil Mahajan