सोनीपत में व्यक्ति पर चलाई गोली, 3 अरेस्ट, महिला ने रुपए देने को बुलाया था, गाड़ी में तोड़फोड़

सोनीपत में युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर घर में ले जाकर गोली चलाई गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। मामला गंभीर धाराओं में दर्ज।

सोनीपत में व्यक्ति पर चलाई गोली, 3 अरेस्ट, महिला ने रुपए देने को बुलाया था, गाड़ी में तोड़फोड़

  • सोनीपत के बरोदा थाना पुलिस ने फायरिंग केस में तीन आरोपी दबोचे

  • पैसे लौटाने के बहाने बुलाकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पिस्टल भी छीनी

  • आरोपी ने घर के अंदर ले जाकर युवक पर गोली चलाई, दो दिन का पुलिस रिमांड


सोनीपत जिले में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना बरोदा पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों नसीब, शौकीन और रमेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सभी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

यह मामला 18 नवंबर का है। शिकायतकर्ता मामन, निवासी छिछड़ाना ने बताया कि उसे आरोपी रमेश की पत्नी ने पैसे लौटाने के बहाने घर बुलाया था। वह अपनी गाड़ी से रमेश के गांव पहुंचा, जहां रमेश की पत्नी के एक परिचित ने उसे रुकवा लिया और घर के बाहर बैठा दिया।

थोड़ी देर बाद रमेश के घर से झगड़े की आवाजें आने लगीं। तभी नसीब, शुभम, शौकीन, रमेश, उसका बेटा नवीन, और रमेश की पत्नी हाथ में लाठी-डंडे लेकर बाहर आए और मामन पर टूट पड़े। मामन ने गाड़ी निकालकर बचने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी दीवार से टकराकर रुक गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे खींचकर बाहर निकाला और जमकर पीटा।

मारपीट के दौरान आरोपी नसीब ने मामन की जेब से उसका लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया। इसके बाद उसे घसीटकर रमेश के घर के अंदर ले जाया गया। मामन के अनुसार, रमेश और उसकी पत्नी के उकसाने पर नसीब ने उस पर गोली चला दी, जो दीवार से टकरा गई। मामन का आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की कोशिश की।

शिकायत दर्ज होने पर पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी उप-निरीक्षक देवेंद्र की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अब रिमांड में उनसे घटना में उपयोग किए गए हथियार, पिस्टल और अन्य तथ्य जुटाने में लगी है।