सोनीपत में जर्जर बिजली का तार टूटकर किसान पर गिरा, करंट से मौ*त
सोनीपत के गांव कथूरा में जर्जर बिजली का तार टूटकर किसान सतबीर पर गिर गया। करंट लगने से उनकी मौके पर मौत हुई, पुलिस ने केस दर्ज किया।
गोहाना के गांव कथूरा में जर्जर बिजली का तार टूटकर किसान के ऊपर गिरा
➤ करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय सतबीर की मौके पर ही मौत
➤ परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, धारा 106 बीएनएस के तहत केस दर्ज
सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर लौट रहे एक किसान के ऊपर अचानक बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना बरोदा पुलिस ने धारा 106 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया करवाई जा रही है।
सामान लेकर घर लौट रहे थे सतबीर
गोहाना के गांव कथूरा निवासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सतबीर (50) खेती-बाड़ी का काम करते थे। 4 सितंबर को करीब दोपहर 3:30 बजे वह गांव के अड्डे से सामान लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया।
करंट लगते ही मौके पर हुई मौत
बिजली का तार शरीर पर गिरते ही सतबीर करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मृतक के बेटे साहिल ने शिकायत में आरोप लगाया कि बिजली की लाइन के तार जर्जर हालत में थे। तारों की समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस, केस दर्ज
पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव कथूरा में सतबीर बिजली का करंट लगने से मृत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के बेटे साहिल ने लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध बनता पाए जाने पर थाना बरोदा में मुकदमा दर्ज किया गया।
पोस्टमार्टम और जांच की कार्रवाई शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बिजली की लाइन की स्थिति की भी जांच करेगी। परिजनों ने मांग की है कि जर्जर तारों के रखरखाव में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा दोबारा न हो।
Akhil Mahajan