सोनीपत हत्‍याकांड: गहने लूटने के लिए किया था बुजुर्ग महिला की कत्‍ल, दोनों आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत के जटवाड़ा में 65 वर्षीय महिला संतोष की हत्या मामले में पुलिस ने 5 दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने गहने लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।

सोनीपत हत्‍याकांड: गहने लूटने के लिए किया था बुजुर्ग महिला की कत्‍ल, दोनों आरोपी गिरफ्तार
  • सोनीपत में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
  • सोने के गहने लूटने के बाद दो युवकों ने की थी हत्या
  • सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर 5 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत के जटवाड़ा क्षेत्र में हुई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सोने के गहने लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था। कैश मिलने की उम्मीद में भी उन्होंने पहले से योजना बनाई थी।

यह मामला 24 मई को उस समय सामने आया था, जब जटवाड़ा स्थित सरकारी स्कूल के सामने गली में रहने वाली संतोष का शव उनके घर के बाथरूम में मिला था। महिला घर में अकेली रहती थी। काफी समय तक घर से बाहर नहीं निकलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब पड़ोसी हालचाल जानने पहुंचे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं।

घटनास्थल का दृश्य देखकर इलाके के लोग दहल गए थे। महिला के हाथ और पैर बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शुरुआती जांच में ही हत्या की आशंका जताई गई थी और पुलिस ने मामले को ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और कमरे में एसी चल रहा था। महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान घर में ही मौजूद था। ऐसे में हत्या के पीछे का कारण शुरुआत में स्पष्ट नहीं हो पाया था। पुलिस ने लूट, रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई।

मृतका के पति पहलवान आनंद की करीब 12 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था, जिसकी शादी हो चुकी है। इसके बाद संतोष अकेले ही अपने घर में रह रही थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच, संदिग्धों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी उसी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने महिला के घर में नकदी और कीमती सामान होने की आशंका के चलते वारदात की योजना बनाई थी। लूटपाट के दौरान उन्होंने महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

अब पुलिस शुक्रवार दोपहर आयोजित होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपियों की पहचान, हत्या की सटीक वजह और पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा करेगी। इस घटना ने पूरे जटवाड़ा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।