सोनीपत डबल डेथ मिस्ट्री: देवर फंदे पर, भाभी की गला रेतकर हत्या; दीवारों पर लिखे आरोप
सोनीपत में देवर-भाभी के शव संदिग्ध हालत में मिले। देवर फंदे पर और भाभी की गला रेतकर हत्या, दीवारों पर लिखे नोट से मामला उलझा।
➤ घर में मिले बुजुर्ग देवर-भाभी के शव, इलाके में सनसनी
➤ देवर फंदे पर लटका, भाभी का किचन में खून से लथपथ शव
➤ दीवार और बेड बॉक्स पर लिखे आरोपों ने बढ़ाई सस्पेंस की परतें
हरियाणा के सोनीपत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही घर में बुजुर्ग देवर और भाभी के शव संदिग्ध हालात में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई! मृतकों की पहचान महावीर राणा (74) और उनकी भाभी आशा रानी (75) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महावीर अपने घर के कमरे में फंदे पर लटके मिले, जबकि आशा रानी का शव किचन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उनके गले पर तेजधार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सफाई करने वाली महिला सुबह घर पहुंची, लेकिन दरवाजे बंद मिले। दोपहर में दोबारा आने पर भी दरवाजे नहीं खुले तो उसे शक हुआ। इसके बाद पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी गई। महावीर के बेटे ने जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दीवारों पर लिखे नोट ने बढ़ाया रहस्य
जांच के दौरान कमरे की अलमारी और बेड बॉक्स पर चॉक से लिखे नोट मिले, जिनमें महावीर के भाई की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे। नोट में लिखा था कि उनके भाई की हत्या भाभी, उनकी बहन और उसके पति ने की थी। इन लिखित आरोपों ने पूरे मामले को और अधिक उलझा दिया है और पुलिस अब पुराने घटनाक्रम को भी खंगाल रही है।
संपत्ति विवाद बना वजह?
सूत्रों के अनुसार, जिस मकान में यह घटना हुई, वह तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। आशा रानी अपने हिस्से की संपत्ति बेचना चाहती थीं, जिसको लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आशा रानी के पति की भी कुछ साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है, जिससे इस पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी
थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों के बयान और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी एक गुत्थी बन गया है, जिसे सुलझाने में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan