हरियाणा बोर्ड में फिर नकल कांड: सोनीपत के स्कूल में 2 टीचर रंगे हाथ पकड़ी गईं, 24 छात्रों को बैठाकर चल रही थी सेटिंग
सोनीपत के बिधलान स्कूल में 12वीं भूगोल परीक्षा के दौरान दो महिला शिक्षक और चपरासी द्वारा 24 छात्रों को बैठाकर नकल कराने का मामला सामने आया है।
■ सोनीपत में 12वीं परीक्षा में सामूहिक नकल का भंडाफोड़
■ दो लेडी टीचर और चपरासी पर नकल कराने के आरोप
■ एग्जाम के बाद कमरे में 24 छात्रों को बैठाकर करवाई जा रही थी नकल
सोनीपत: हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के गांव बिधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा की भूगोल परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (SRAF) ने छापा मारकर इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया, जिसमें दो महिला शिक्षक और एक चपरासी की भूमिका सामने आई है।
हैरानी की बात यह है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी एक कमरे में 24 छात्रों को बैठाकर नकल करवाई जा रही थी। जबकि अन्य कमरों के विद्यार्थी परीक्षा खत्म होने के बाद स्कूल से जा चुके थे। इससे साफ संकेत मिलता है कि यह पूरी प्रक्रिया पहले से तय योजना के तहत की जा रही थी।
सूत्रों के अनुसार, नकल कराने में शामिल दोनों महिला शिक्षक उसी स्कूल में तैनात हैं और उन्होंने एक चपरासी की मदद से छात्रों को उत्तर लिखवाने की व्यवस्था की थी। जैसे ही SRAF की टीम मौके पर पहुंची, दोनों शिक्षक मुंह छुपाकर भागने की कोशिश करती नजर आईं। आरोप है कि उन्होंने टीम के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि हाल ही में चरखी दादरी और सोनीपत में ही सामूहिक नकल के अन्य मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में बार-बार सामने आ रही घटनाएं शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही हैं।
इस पूरे मामले पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में गड़बड़ी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि नकल रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बावजूद कुछ जगहों पर नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
Akhil Mahajan