सोनीपत में आदित्य हत्याकांड का खुलासा: 20 हजार के लेनदेन में पड़ोसी ने की हत्या, फिरौती मैसेज भेजकर पुलिस को किया गुमराह
सोनीपत के सांदल कलां निवासी 21 वर्षीय आदित्य के अपहरण के बाद हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। 20 हजार रुपये के लेनदेन में पड़ोसी ने सिर पर रॉड मारकर हत्या की।
- • सोनीपत में 21 वर्षीय आदित्य के अपहरण के बाद हत्या का खुलासा
- • 20 हजार रुपये के लेनदेन में पड़ोसी ने सिर पर रॉड मारकर की हत्या
- • आरोपी ने फिरौती मैसेज भेजकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव सांदल कलां निवासी 21 वर्षीय आदित्य के अपहरण के बाद हत्या के मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट और सीआईए वन की आठ टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पूरे मामले का खुलासा किया है।
सोनीपत डीसीपी ईस्ट प्रबिना पी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस हत्याकांड में आदित्य के पड़ोसी विश्वमित्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद आदित्य की निर्मम हत्या की। हालांकि पुलिस महिला एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
डीसीपी के अनुसार, आरोपी विश्वमित्र ने 10 दिसंबर को अपने ही घर पर आदित्य के सिर पर लोहे की रॉड से तीन वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में डाला और किराये पर ली गई गाड़ी से गांव बड़वासनी के पास मुनक नहर में फेंक दिया।
आदित्य का शव दिल्ली के हैदरपुर मुनक नहर में बरामद हुआ था। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस जांच को भटकाने के लिए आदित्य के परिजनों को व्हाट्सएप पर फिरौती के संदेश भी भेजे थे, ताकि मामला अपहरण का लगे।
पुलिस ने आरोपी विश्वमित्र को गांव के पास से ही गिरफ्तार कर लिया है। सोनीपत पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके।
Author1