अस्पताल में सोनम वांगचुक ने दवा लेने से किया इनकार; दीपके का अनशन, स्याही फेंकी गई
21 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ने पोटैशियम की कमी और डिहाइड्रेशन बताया, जबकि निजी डॉक्टर ने प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
➤ 21 दिन की भूख हड़ताल के बाद पुलिस सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची
➤ अस्पताल ने पोटैशियम की कमी और डिहाइड्रेशन बताया, वांगचुक ने दवा लेने से इनकार किया
➤ निजी डॉक्टर ने अस्पताल की प्रक्रिया पर उठाए सवाल, पत्नी ने भी भर्ती पर जताई आपत्ति
शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 21 दिन से जारी भूख हड़ताल के बाद शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण भर्ती किया गया, लेकिन वांगचुक ने अस्पताल में दवा लेने से इनकार कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद उनकी सेहत और आंदोलन दोनों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अस्पताल का दावा- पोटैशियम की कमी और डिहाइड्रेशन
सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि वांगचुक डिहाइड्रेशन से जूझ रहे हैं। जांच में उनके शरीर में पोटैशियम का स्तर कम पाया गया है, जबकि यूरिन कीटोन 3+ दर्ज किया गया। अस्पताल ने इसे चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत वाला मामला बताया है।
डॉक्टर और पत्नी ने उठाए सवाल
वांगचुक के निजी डॉक्टर डॉ. नितिन दीघे ने दावा किया कि अस्पताल में मौजूद अधिकारियों के कारण उनकी मेडिकल टीम को वांगचुक से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंग्मो ने कहा कि पोटैशियम की कमी की दवा जंतर-मंतर पर भी दी जा सकती थी और अस्पताल में भर्ती करना जरूरी नहीं था।
पेपर लीक मामले को लेकर कर रहे हैं अनशन
सोनम वांगचुक पेपर लीक मामले की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 21 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। लंबे समय से भोजन नहीं करने के कारण उनका करीब 9.5 किलोग्राम वजन कम हो चुका है और स्वास्थ्य लगातार गिर रहा था।
वांगचुक के बाद समर्थक ने संभाली भूख हड़ताल
वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान धरना स्थल पर एक महिला ने उन पर स्याही फेंक दी। दीपके ने कहा कि वांगचुक के दोबारा धरना स्थल पर लौटने तक उनका अनशन जारी रहेगा।
Akhil Mahajan