मेले के प्रचार के नाम पर 1.50 लाख की डिमांड का आरोप, सिरसा में इंफ्लूएंसर, पत्रकार समेत चार पर FIR
सिरसा में मेले के प्रचार के नाम पर 1.50 लाख रुपये मांगने के आरोप में इंफ्लूएंसर समेत चार पर FIR हुई है। तीन वीडियो के लिए 6 हजार रुपये तय हुए थे।
➤ सिरसा में मेले के प्रचार के नाम पर 1.50 लाख रुपये मांगने का आरोप
➤ तीन वीडियो के लिए 6 हजार रुपये तय हुए, बाद में बढ़ा पैसों का विवाद
➤ इंफ्लूएंसर समेत चार पर FIR, एसपी की मॉनिटरिंग में होगी जांच
सिरसा। शहर के जीटीएम ग्राउंड में चल रहे मेले के प्रचार-प्रसार को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। आरोप है कि मेले के प्रचार के लिए वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर युवती ने अन्य यूट्यूबर और पत्रकार के नाम पर मेला आयोजक से 1.50 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर सोशल मीडिया पर नकारात्मक पोस्ट डालने और ब्लैकमेलिंग के जरिए अवैध वसूली का दबाव बनाया गया।
मामले में पुलिस ने इंफ्लूएंसर युवती, दो यूट्यूबर समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी (IO) करेंगे और पूरी जांच एसपी सिरसा की मॉनिटरिंग में होगी।
पुलिस ने शुरुआती तौर पर बीएनएस की धारा 308 (2) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों धाराएं जमानती हैं और इनमें थाने या कोर्ट से जमानत मिल सकती है।
तीन वीडियो के लिए 6 हजार रुपये तय हुए थे
मेला आयोजक की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला ने मेला संचालक से संपर्क कर मेले की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की बात कही थी। इसके लिए प्रति वीडियो 2 हजार रुपये लेने की बात तय हुई थी। तीन वीडियो के लिए कुल 6 हजार रुपये तय हुए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने 4 हजार रुपये ऑनलाइन और 2 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद कथित तौर पर उस पर अन्य लोगों के साथ मिलकर 1.50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया।
पैसे नहीं देने पर सोशल मीडिया पर नकारात्मक पोस्ट का आरोप
रोहतक निवासी नरेश पुत्र ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिरसा के जीटीएम ग्राउंड, हिसार रोड, महाराणा प्रताप चौक पर मेला आयोजित कर रहा है। शिकायत के अनुसार, मेले के आयोजन के लिए जिला प्रशासन से आवश्यक मंजूरियां भी ली गई थीं।
इसके बावजूद कुछ लोगों की ओर से उस पर कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत में प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और महिला यूट्यूबर सहित चार लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
मेला संचालक का आरोप है कि इन लोगों की ओर से उससे रुपये की मांग की गई और मांग पूरी नहीं करने पर मेले के खिलाफ सोशल मीडिया पर नकारात्मक पोस्ट डालने का दबाव बनाया गया।
इंफ्लूएंसर और यूट्यूबरों के बीच भी हुई कहासुनी
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर युवती और यूट्यूबरों के बीच कहासुनी होने की बात भी सामने आई है। इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर बहस शुरू हो गई है।
युवती की भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए हैं और मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस अब पूरे विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और सामने आए आरोपों की जांच करेगी।
मेला आयोजक ने पुलिस को दिए पैसों के स्क्रीनशॉट
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मेला आयोजक की ओर से ही FIR दर्ज कराई गई है। आयोजक ने पुलिस को युवती को भेजे गए पैसों के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं। इन्हीं के आधार पर प्रारंभिक तौर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरे आरोपी पक्ष की ओर से अभी युवती या अन्य लोगों की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में पुलिस अब दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों और पूरे पैसों के लेन-देन की जांच करेगी।
एसपी की निगरानी में होगी पूरे मामले की जांच
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच सिविल लाइन थाना के IO करेंगे और इसकी निगरानी एसपी सिरसा करेंगे। जांच के दौरान इंफ्लूएंसर युवती और दोनों यूट्यूबर सहित चारों लोगों को जांच में शामिल किया जाएगा।
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए 1.50 लाख रुपये की मांग, 6 हजार रुपये के भुगतान और सोशल मीडिया पर नकारात्मक पोस्ट के दबाव से जुड़े आरोपों की पड़ताल करेगी।
Akhil Mahajan