सिरसा में जमीनी विवाद बना खूनी संग्राम, पूर्व सरपंच और भतीजे की बेरहमी से हत्या
सिरसा के कालांवली क्षेत्र के खोखर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद के चलते पूर्व सरपंच जरमल सिंह और उनके भतीजे दलजीत सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। पुलिस और CIA टीम जांच में जुटी है।
■ खोखर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
■ पूर्व सरपंच जरमल सिंह और भतीजे दलजीत सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या
■ कालांवाली पुलिस और CIA टीम जांच में जुटी, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे
हरियाणा के Sirsa जिले के डबवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पारिवारिक जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और दो लोगों की जान चली गई। कालांवली के खोखर गांव में हुए इस डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मृतकों में गांव के पूर्व सरपंच जरमल सिंह (42) और उनके भतीजे दलजीत सिंह (22) शामिल हैं। दोनों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सबसे अहम बात यह है कि यह पूरा विवाद पारिवारिक जमीन को लेकर लंबे समय से चल रही तनातनी का परिणाम बताया जा रहा है। रविवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। जानकारी के अनुसार, जरमल सिंह, दिलजीत सिंह, हर्षदीप सिंह, गुरदीप सिंह और 5-7 अन्य लोगों के बीच बहस शुरू हुई थी। इसी दौरान जसवंत सिंह (38), बीकर सिंह (62), मोती सिंह (50) और उनके साथ मौजूद 4-5 अन्य लोग भी मौके पर आ गए और दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में धारदार हथियार निकल आए और हमला शुरू हो गया। हमलावरों ने जरमल सिंह और दलजीत सिंह पर ताबड़तोड़ वार किए। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हमले में अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें पहले कालांवाली केंद्रीय मुख्यालय और बाद में आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली थाना पुलिस और CIA कालांवाली की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कालांवाली अस्पताल भिजवाया, जहां से उन्हें सिरसा के लिए रेफर किया जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना की जानकारी संबंधित डीएसपी संदीप धनखड़ को भी दे दी गई है और वह भी मौके पर पहुंचने वाले हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
डबल मर्डर की इस वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों का माहौल है। जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो जिंदगियां खत्म हो गईं और कई परिवारों की खुशियां उजड़ गईं।
shubham