तांत्रिक बनकर किसान से 22 लाख की ठगी, रकम डबल करने का दिया झांसा
सिरसा के डबवाली में तांत्रिक बनकर किसान से करीब 22 लाख की ठगी हुई। रकम डबल करने का झांसा देकर आरोपी ने कैश और जेवरात से पैसे ट्रांसफर करवाए।
➤ तांत्रिक बनकर ठग ने किसान को रकम डबल करने का झांसा दिया
➤ खेत में जगह बताकर खुदाई करने पर दोगुनी रकम मिलने की कही बात
➤ किसान ने कैश और पत्नी के जेवर बेचकर करीब 22 लाख रुपये ट्रांसफर किए
सिरसा के डबवाली क्षेत्र में एक किसान से तांत्रिक बनकर करीब 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने किसान को झांसा दिया कि वह उसके लिए हवन करेगा और उसके सभी काम सही कर देगा। इसके साथ ही आरोपी ने किसान को लालच दिया कि उसके खाते में रकम जमा करने के बाद वह उसके खेत में एक जगह बताएगा। उस जगह की खुदाई करने पर किसान को अपनी रकम की दोगुनी राशि मिल जाएगी।
आरोपी के झांसे में आए अबूबशहर निवासी किसान सुखदीप सिंह ने अलग-अलग तारीखों में कई बार रकम ट्रांसफर कर दी। इसके लिए उसने घर में रखा कैश इस्तेमाल किया और पत्नी के जेवर बेचकर भी रकम जुटाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने इसके बदले उसे कोई रकम वापस नहीं भेजी। ठगी का एहसास होने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
डबवाली सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर थाना की टीम कर रही है। पुलिस ने ट्रांजेक्शन से जुड़ी डिटेल मांग ली है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल, बाबा बनकर भेजा भरोसे का झांसा
पुलिस को दी शिकायत में अबूबशहर निवासी सुखदीप सिंह ने बताया कि वह 8वीं तक पढ़ा-लिखा है और खेती-बाड़ी करता है। उसके पास किसी नंबर से टेक्स्ट मैसेज आया था। इसमें लिखा था कि “हम बाबा लोग है आपके सारे काम सही कर देंगे।” मैसेज में यह भी कहा गया कि वे उसके लिए हवन करेंगे और उसकी रकम को दोगुना कर देंगे, जिससे वह मालामाल हो जाएगा।
सुखदीप इस बात के बहकावे में आ गया। इसके बाद उसने मैसेज में दिए मोबाइल नंबर पर बात की। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उसे कहा कि वह उनके खाते में रकम जमा करे। इसके बाद उसके खेत में एक जगह बताई जाएगी। उस जगह को खोदने पर उसे दोगुनी रकम निकालने की बात कही गई।
किसान ने आरोपियों की बात पर भरोसा कर अलग-अलग तारीखों में रकम भेजना शुरू कर दिया।
12 अप्रैल से 4 जुलाई तक कई बार किए ट्रांजेक्शन
शिकायत के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को किसान ने कुल 13504 रुपए, कुल 50 हजार रुपए, कुल 43 हजार रुपए, कुल 49,999 रुपए और कुल 69 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद 30 अप्रैल 2026 को केनरा बैंक खाते में कुल 2 लाख रुपए भेजे गए।
शिकायत में बताया गया है कि 4 अप्रैल को कुल 4600 रुपए, 17 मई को कुल 24,999 रुपए, कुल 25 हजार रुपए, कुल 50 हजार रुपए, कुल 25 हजार रुपए, कुल 24,998 रुपए, कुल 25 हजार रुपए, कुल 25 हजार रुपए, कुल 24,999 रुपए, कुल 25 हजार रुपए और कुल 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। 18 मई को कुल 25 हजार रुपए भेजे गए।
इसके बाद 2 जुलाई को हरियाणा ग्रामीण बैंक खाता संख्या से कुल 5 लाख रुपए और 4 जुलाई को 1 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। किसान के अनुसार, आरोपियों ने उसके पास कोई रकम नहीं भेजी।
सुखदीप ने शिकायत में बताया कि उसे बाद में एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है। इस दौरान किए गए कुछ ट्रांजेक्शन की डिटेल भी उससे गुम हो गई है। किसान ने कुल करीब 22 लाख रुपए की धोखाधड़ी होने की जानकारी पुलिस को दी है।
घर का कैश और पत्नी के जेवर बेचकर जुटाई रकम
जानकारी के अनुसार, किसान सुखदीप अबूबशहर का रहने वाला है। किसान की दो शादियां हो रखी हैं। घर में कैश और जेवरात रखे थे, जिनकी कीमत करीब 22 लाख रुपये थी। ठगों के झांसे में आने के बाद किसान ने इन्हीं संसाधनों से रकम जुटाई।
रकम ट्रांसफर करने के लिए उसने घर में रखा कैश और जेवरात बेचकर प्राप्त राशि का इस्तेमाल किया। ठगों द्वारा बताए गए खाते में पैसे भेजने के लिए सीएससी सेंटर या किसी जानकार की मदद ली गई।
शिकायतकर्ता सुखदीप की-पैड वाला साधारण फोन रखता है। उसके पास ठगों ने टेक्स्ट मैसेज भेजे थे। इन्हीं मैसेज को देखकर वह लालच में आ गया और बाद में आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर करता रहा।
18 अगस्त को ऑनलाइन शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस
किसान ने इस संबंध में 18 अगस्त को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने पुलिस से आग्रह किया कि उसकी शिकायत पर कानूनी कार्रवाई की जाए, अज्ञात व्यक्ति का पता लगाया जाए और उसके साथ हुए फ्रॉड की करीब 22 लाख रुपए की रकम वापस दिलाई जाए।
शिकायत मिलने के बाद डबवाली सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता को जांच के लिए थाने में बुलाया गया है। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेज और ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
डबवाली सदर थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि यह मुकदमा सदर थाने में दर्ज किया गया है और इसकी जांच साइबर थाना की टीम कर रही है।
डबवाली पुलिस जिला से साइबर थाना प्रभारी आनंद बेनीवाल ने कहा कि किसान से ठगी के मामले में जांच की जा रही है। इससे जुड़ी डिटेल ली जा रही है और जल्द आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ठगी के सुराग जुटा रही साइबर थाना पुलिस
पुलिस ने मामले में ट्रांजेक्शन से जुड़ी डिटेल मांग ली है और इससे संबंधित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच टीम शिकायत में बताए गए अलग-अलग ट्रांजेक्शन की जानकारी खंगाल रही है।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। पुलिस अज्ञात आरोपी तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan