चांदी महंगी हुई तो व्यापारी बने लुटेरों का टारगेट, हरियाणा में बड़ी वारदात

जींद के सफीदों में चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच ज्वेलरी व्यापारियों से लूट, बाइक सवार बदमाशों ने चांदी से भरे बैग छीने, पुलिस जांच में जुटी।

चांदी महंगी हुई तो व्यापारी बने लुटेरों का टारगेट, हरियाणा में बड़ी वारदात

➤चांदी की रिकॉर्ड कीमतों के बीच ज्वेलरी व्यापारियों पर लुटेरों की नजर
➤मार्केटिंग से लौट रहे दो व्यापारियों से चांदी से भरे बैग लूटे
➤कीमत बढ़ते ही हाईवे और सुनसान रास्ते व्यापारियों के लिए असुरक्षित



चांदी की कीमतें आसमान छू रही हैं, और इसी के साथ अपराधियों की नजर भी अब सीधे चांदी व्यापारियों पर टिक गई है। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में ऐसी ही एक वारदात सामने आई है, जहां चांदी की अंगूठियां और लॉकेट लेकर लौट रहे दो व्यापारियों से लूट की गई।

जानकारी के अनुसार, जींद की श्याम नगर कॉलोनी निवासी सन्नी और उनके पार्टनर संदीप दिल्ली की एक कंपनी से चांदी का माल लेकर हरियाणा के अलग-अलग शहरों में दुकानों पर सप्लाई करते हैं। 26 जनवरी को सुबह 11 बजे दोनों बाइक पर असंध गए थे, जहां करीब 10 दुकानों पर चांदी का माल दिखाया

शाम को सफीदों में मार्केटिंग के बाद लौटते समय बाइक का टायर खराब हो गया, जिसे ठीक कराने में करीब दो घंटे लग गए। इसी देरी के कारण रात 10 से 11 बजे के बीच वे गांव बुडा खेड़ा के पास नवरी पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे।

इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जैसे ही बाइक रोकी गई, एक बदमाश ने सन्नी को लात मार दी, जिससे बाइक उनके ऊपर गिर गई। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, बदमाश चांदी से भरे दोनों बैग छीनकर फरार हो गए।

व्यापारियों ने बताया कि वारदात के बाद वे पहले पिल्लूखेड़ा थाना पहुंचे, लेकिन घटना क्षेत्र सदर सफीदों का होने के कारण उन्हें वहां भेजा गया। इस वजह से शिकायत दर्ज होने में देरी हुई। पीड़ितों का कहना है कि वे चोरी गए चांदी के माल के पक्के बिल दिल्ली की कंपनी से मंगवाकर पुलिस को सौंपेंगे।

सदर सफीदों थाना पुलिस ने सन्नी की शिकायत पर BNS की धारा 309(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध बाइकों और बदमाशों की पहचान के लिए दबिश दी जा रही है।