चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहली बार 3.44 लाख रुपए किलो पार

चांदी पहली बार 3.44 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची। 27 दिन में 1.14 लाख की तेजी। सोना भी रिकॉर्ड स्तर पर, जानें उछाल की बड़ी वजहें।

चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहली बार 3.44 लाख रुपए किलो पार


चांदी पहली बार 3.44 लाख रुपए किलो पार, एक दिन में 26,859 रुपए की छलांग
27 दिन में चांदी 1.14 लाख और सोना 25,706 रुपए हुआ महंगा
ग्लोबल टेंशन, कमजोर रुपया और सेंट्रल बैंकों की खरीदारी से उछाल



देश में कीमती धातुओं की कीमतें अब तक के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोमवार को चांदी की कीमत 26,859 रुपए बढ़कर 3,44,564 रुपए प्रति किलो हो गई। यह चांदी का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

कारोबार की शुरुआत में चांदी का भाव 3,42,507 रुपए प्रति किलो था। इससे पहले इसका दाम 3,17,705 रुपए रहा। सिर्फ 27 दिनों में चांदी 1,14,144 रुपए महंगी हो चुकी है।

वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत भी नई ऊंचाई पर पहुंच गई। 10 ग्राम सोना 4,591 रुपए बढ़कर 1,58,901 रुपए पर बंद हुआ। इससे पहले 23 जनवरी को सोना 1,54,310 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को चांदी की कीमत 2,30,420 रुपए प्रति किलो थी, जो अब 3,44,564 रुपए पहुंच गई है। वहीं इसी अवधि में सोना 1,33,195 रुपए से बढ़कर 1,58,901 रुपए हो गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, ग्लोबल तनाव, अमेरिका-यूरोप के बीच टैरिफ विवाद, और ग्रीनलैंड को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति ने बाजारों में अस्थिरता बढ़ाई है। ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकालकर सेफ हेवन यानी सोना-चांदी में निवेश कर रहे हैं।

इसके साथ ही रुपया डॉलर के मुकाबले 91.10 के ऑल-टाइम लो पर पहुंच गया है। इससे आयात होने वाले सोने की लैंडिंग कॉस्ट बढ़ गई और घरेलू बाजार में कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के अनुसार, सेंट्रल बैंकों की भारी खरीदारी भी तेजी का बड़ा कारण है। 2025 के बाद 2026 की शुरुआत में भी सोने की मांग मजबूत बनी हुई है।

चांदी की तेजी के पीछे सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और EV सेक्टर में बढ़ती इंडस्ट्रियल डिमांड, अमेरिकी कंपनियों द्वारा भारी स्टॉकिंग, और मैन्युफैक्चरर्स की अग्रिम खरीदारी को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि अंतरराष्ट्रीय तनाव और बढ़ता है, तो आने वाले समय में सोना 1.90 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकती है।