शिमला के रिज पर हरियाणवी छोराें ने सजा दी हुक्का महफिल, पुलिस पहुंची और .......
शिमला रिज पर हरियाणा से आए पर्यटक हुक्का पीते पकड़े गए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हें मौके से हटाया और लोगों ने नाराजगी जताई।
➤ शिमला रिज पर हरियाणा के टूरिस्ट हुक्का पीते पकड़े गए
➤ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को वहां से खदेड़ा
➤ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सबसे चर्चित पर्यटन स्थल रिज मैदान पर शनिवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब हरियाणा से घूमने पहुंचे कुछ पर्यटक खुलेआम हुक्का पीते हुए नजर आए। रिज पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद थे। इसी दौरान चार युवक चिनार के पेड़ की छांव में बैठकर हुक्का पीने लगे। वहां से गुजर रहे लोगों की नजर जब इन पर पड़ी तो कई लोगों ने इस हरकत पर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि रिज पर बैठे इन युवकों का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सार्वजनिक स्थल पर इस तरह हुक्का पीने को लेकर सवाल उठाए।
मामले की सूचना मिलने पर शिमला पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने पर्यटकों को सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीने से रोका और तुरंत वहां से हटाया। पुलिस ने पर्यटकों को साफ कहा कि पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रतिबंध है। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर पर्यटकों से नियमों का पालन करने की अपील करते रहते हैं। बावजूद इसके कुछ लोग पर्यटन स्थलों पर नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिज जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल पर इस तरह की गतिविधियां गलत संदेश देती हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की मांग भी उठाई है ताकि पर्यटन स्थलों की छवि खराब न हो।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और नशे से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटकों से कानून और स्थानीय संस्कृति का सम्मान करने की अपील भी की गई है।
इन दिनों मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश और शिमला का रुख कर रहे हैं। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसी बीच रिज पर हुक्का पीते पर्यटकों का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
Akhil Mahajan