शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार ने दिया 1.50 करोड़ का इनाम और ग्रेड ‘A’ सर्टिफिकेट

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्व चैम्पियन शेफाली वर्मा को 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवार्ड और ग्रेड ‘A’ सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।

शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार ने दिया 1.50 करोड़ का इनाम और ग्रेड ‘A’ सर्टिफिकेट

विश्व चैम्पियन शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार की ओर से 1.50 करोड़ का इनाम
सीएम नायब सिंह सैनी ने शेफाली को दिया ग्रेड ‘A’ ग्रेडेशन सर्टिफिकेट
हरियाणा महिला आयोग ने शेफाली को बनाया ब्रांड एंबेसडर


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को संत कबीर कुटीर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और विश्व चैम्पियन शेफाली वर्मा का सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शेफाली को 1.50 करोड़ रुपये का कैश अवार्ड और ग्रेड ‘A’ ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि शेफाली वर्मा ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। वह आज देशभर के युवाओं, विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान हरियाणा महिला आयोग ने भी शेफाली वर्मा को अपने ब्रांड एंबेसडर के रूप में नियुक्त किया। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि शेफाली जैसी बेटियां समाज में महिलाओं की शक्ति और सम्मान का प्रतीक हैं।

सम्मान समारोह में शेफाली वर्मा ने अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरे देश में खेलों का रोल मॉडल बन चुका है, और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने सरकार का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, कोचिंग और आर्थिक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेफाली वर्मा आने वाले वर्षों में भी देश के लिए गौरवपूर्ण प्रदर्शन करती रहेंगी।