सीवरेज लाइन में पैमाइश करने उतरे दो युवकों में से एक मैनहोल में गिरा; मौ*त

रानियां बाइपास पर सीवरेज चैंबर की पैमाइश के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

सीवरेज लाइन में पैमाइश करने उतरे दो युवकों में से एक मैनहोल में गिरा; मौ*त

सीवरेज चैंबर में उतरे दो युवक बेहोश
35 फीट गहरे मैनहोल में गिरने से एक की मौत
लेबर के आपसी विवाद के कारण हुआ दर्दनाक हादसा


रानियां बाइपास पर नई बिछाई गई सीवरेज की मुख्य लाइन में पैमाइश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 35 फीट गहरे सीवरेज चैंबर में उतरे दो युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गए। गैस के प्रभाव से दोनों युवक बेहोश हो गए, जिससे एक युवक गहरे मैनहोल में गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानियां बाइपास पर हाल ही में सीवरेज की नई लाइन बिछाई गई थी और इसके साथ-साथ विशेष चैंबर भी बनाए गए थे। प्रशासनिक स्तर पर पैमाइश का कार्य पहले ही पूरा हो चुका था। लेकिन ठेकेदार की लेबर के बीच पैमाइश को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार दोपहर कुछ मजदूरों ने बिना अनुमति चैंबर का ढक्कन हटाकर दोबारा पैमाइश करने का प्रयास किया।

पैमाइश के लिए दो युवक करीब 35 फीट गहराई तक चैंबर में उतर गए। नीचे उतरते ही चैंबर में मौजूद जहरीली गैस के कारण दोनों युवक बेहोश हो गए। इस दौरान एक युवक संतुलन खो बैठा और गहरी सीवरेज लाइन में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।


तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और जन स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान गोलू (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था। वहीं दूसरा युवक राजा (30 वर्ष) को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतक के शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


बिना अनुमति खोला गया था चैंबर: SDO

मौके पर पहुंचे जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रूपराम ने बताया कि विभाग के जेई और ठेकेदार द्वारा सीवरेज लाइन की पैमाइश पहले ही पूरी कर ली गई थी। विभागीय स्तर पर कोई विवाद नहीं था। ठेकेदार की लेबर ने आपसी विवाद के चलते बिना अनुमति चैंबर का ढक्कन हटाया और पैमाइश शुरू कर दी, इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।