SBI करेंसी चेस्ट से 40 लाख गायब, कैश ऑफिसर और अकाउंटेंट के खिलाफ FIR दर्ज
कुरुक्षेत्र के SBI पिहोवा ब्रांच के करेंसी चेस्ट से 40 लाख रुपए के आठ बंडल गायब मिले। CCTV फुटेज और रूटीन जांच में खुलासा हुआ। दो कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई।
• SBI पिहोवा ब्रांच के करेंसी चेस्ट से 40 लाख रुपए गायब
• कैश ऑफिसर और अकाउंटेंट के खिलाफ FIR दर्ज
• CCTV फुटेज से खुलासा, रूटीन जांच में कैश कम मिला
कुरुक्षेत्र जिले की पिहोवा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बड़ा कैश घोटाला सामने आया है। करेंसी चेस्ट से 40 लाख रुपए के नोटों के आठ बंडल गायब मिले हैं। कैश गायब होने का आरोप बैंक के ही दो कर्मचारियों—कैश ऑफिसर रवि कुमार और अकाउंटेंट करण पाल—पर लगा है।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब ब्रांच मैनेजर ने पुराने CCTV फुटेज की जांच की। इससे पता चला कि 10 नवंबर को आखिरी कैश निकासी के बाद शेष बंडलों की सही जांच नहीं की गई थी। जब मैनेजर ने दोनों कर्मचारियों से जवाब मांगा तो वे कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे पाए।
ब्रांच मैनेजर तरसेम लाल के मुताबिक, 18 नवंबर सुबह करीब 9:30 बजे रूटीन जांच के दौरान चेस्ट के बिन नंबर 26 का निरीक्षण किया गया। रिकॉर्ड के अनुसार, इसमें 500 रुपए वाले 90 बंडल (प्रत्येक में 1000 नोट) होने चाहिए थे, लेकिन गिनती में सिर्फ 82 बंडल ही मिले। इस तरह 40 लाख रुपए कम पाए गए।
इन बंडलों की जिम्मेदारी रवि कुमार और करण पाल को दी गई थी और करेंसी चेस्ट की चाबियां भी इन्हीं के पास रहती हैं। मैनेजर को दोनों के मिलीभगत की आशंका है।
शिकायत पर DSP पिहोवा निर्मल सिंह को जानकारी दी गई। इसके बाद थाना सिटी पिहोवा में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ BNS की धारा 316(5) और 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच शुरू कर चुकी है और विभागीय जांच भी आगे बढ़ेगी।
Author1