गर्म पानी के टब में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत
रोहतक के सांपला खंड में गर्म पानी के टब में गिरने से डेढ़ साल के मासूम की मौत, एक सप्ताह तक पीजीआई में चला इलाज।
- गर्म पानी के टब में गिरने से डेढ़ साल के मासूम की दर्दनाक मौत
- 23 दिसंबर को हुआ हादसा, एक हफ्ते तक पीजीआई में चला इलाज
- पिता की अपील, सर्दी में छोटे बच्चों को लेकर बरतें पूरी सतर्कता
हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला खंड के इस्माईला-11बी गांव में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम वंश की मौत हो गई। यह हादसा 23 दिसंबर को उस समय हुआ, जब मासूम खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गया और गर्म पानी से भरे टब में गिर गया।
परिजनों के अनुसार, वंश की मां प्रियंका ने नहाने के लिए बाथरूम के टब में गर्म पानी रखा था। इसके बाद वह कपड़े लेने के लिए कमरे में चली गई। इसी दौरान डेढ़ साल का वंश बाथरूम में पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से टब में गिर पड़ा। गर्म पानी में गिरने से मासूम गर्दन तक झुलस गया।
परिवार के लोगों ने तुरंत बच्चे को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार वंश 50 फीसदी से अधिक झुलस गया था। एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद सोमवार रात मासूम ने दम तोड़ दिया।
मासूम के पिता जॉनी, जो कैंपर सप्लाई का काम करते हैं, ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आरव तीन साल का है, जबकि छोटा बेटा वंश डेढ़ साल का था। वंश ने महज तीन महीने पहले ही चलना सीखा था।
जॉनी ने बताया कि घटना वाले दिन पत्नी ने उपलों से पानी गर्म किया था। जैसे ही वंश की चीख सुनाई दी, पत्नी दौड़कर बाथरूम पहुंची, जहां वंश टब के अंदर पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिजन सदमे में आ गए।
बेटे को खोने के गम में टूटे पिता ने कहा कि सर्दियों में हर घर में नहाने के लिए पानी गर्म किया जाता है। ऐसे में छोटे बच्चों को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने अन्य माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें, ताकि किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।
Akhil Mahajan