हरियाणा में आनर किलिंग, लव मैरिज करने पर भाई ने की बहन की पांच गोलियां मारकर की हत्या, बचाने आया देवर घायल, पति घर न होने से बचा
काहनी गांव में लव मैरिज से नाराज भाई ने बहन सपना को 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी। देवर साहिल गंभीर रूप से घायल है और PGI में इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।
• रोहतक के काहनी गांव में भाई ने बहन सपना (23) की 5 गोलियां मारकर हत्या
• देवर साहिल को बचाने पर गोली लगी, PGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
• 3 साल पुरानी लव मैरिज से परिवार नाराज, ऑनर किलिंग की आशंका
हरियाणा के रोहतक में ऑनर किलिंग की दर्दनाक वारदात सामने आई है। काहनी गांव में एक युवक ने अपनी ही बहन सपना (23) को पांच गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना में सपना के देवर साहिल को भी गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में PGI रोहतक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सपना ने करीब तीन साल पहले गांव के ही युवक सूरज से लव मैरिज की थी। यह शादी सपना के परिवार को कभी मंजूर नहीं हुई। शादी के बाद दोनों कुछ समय तक गांव से बाहर किराए पर रहे। दोनों का डेढ़ साल का एक बेटा भी है। कुछ महीनों से इनका गांव में आना-जाना बढ़ गया था, जिसके बाद परिवार की नाराजगी और बढ़ने लगी।
सूरज के परिवार का कहना है कि सपना का परिवार इस शादी को अपनी बेइज्जती मानता था और रंजिश गहरी होती जा रही थी। बुधवार रात सपना घर पर अपने देवर साहिल और सास के साथ थी। उसका पति सूरज किसी काम से बाहर गया हुआ था।
रात करीब 11 बजे सपना का भाई संजू अपने 4-5 साथियों के साथ घर पहुंचा। उसने आते ही सपना पर गोलियां बरसा दीं। जैसे ही साहिल उसे बचाने के लिए दौड़ा, आरोपी ने उस पर भी फायर कर दिया। गोली साहिल की कमर में लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा।
गांव के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे तो सपना खून से लथपथ पड़ी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिवार के लोग घायल साहिल को तुरंत PGI ले गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सपना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल ससुराल पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि बयान मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Author1