Watch: हरियाणा में फिल्मी स्टाइल शादी – हेलीकॉप्टर से पहुंची दुल्हन, गांव में मचा शोर
रोहतक के सांघी गांव में दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचा। गुरुग्राम से 5 लाख रुपए में बुक किया गया चॉपर। गांव में लगी भीड़, शादी बनी चर्चा का विषय।
-
रोहतक के सांघी गांव में दूल्हा हेलीकॉप्टर से लाया दुल्हन
-
गुरुग्राम से बुक किया गया चॉपर, किराया 5 लाख रुपए
-
गांव में हेलीकॉप्टर उतरते ही जुटी भीड़, शादी बनी चर्चा का विषय
हरियाणा के रोहतक जिले के सांघी गांव में शनिवार को उस वक्त लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जब आसमान से एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरते हुए दूल्हा-दुल्हन को लेकर लैंड किया। यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था।
गांव सांघी निवासी नवीन अपनी दुल्हन को शादी के बाद हेलीकॉप्टर में बिठाकर ससुराल से घर लाए। नवीन ने इस खास मौके के लिए गुरुग्राम से 5 लाख रुपए किराए पर चॉपर बुक किया था। जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव की अनाज मंडी में उतरा, ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
गांव वालों के लिए यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं रहा। लोग मोबाइल लेकर फोटो और वीडियो बनाने में जुट गए। बच्चे खुशी से झूम उठे और महिलाएं छतों पर चढ़कर हेलीकॉप्टर को देखने लगीं।
वर-वधू के हेलीकॉप्टर से उतरते ही सभी ने उनका स्वागत किया। वर पक्ष के लोगों ने बताया कि यह शादी गांव सीसर खास में हुई थी और वहां से दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर आसमान के रास्ते घर पहुंचा।
दूल्हा नवीन के पिता अजीत सिंह गांव सांघी में खेती-बाड़ी का काम करते हैं। वहीं नवीन शराब के ठेकों में हिस्सेदारी रखता है और फाइनेंस का काम भी करता है। उसने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए दुल्हन को हेलीकॉप्टर में लाने का निर्णय लिया।
गांव के लोगों ने बताया कि दोनों गांवों के बीच की दूरी सिर्फ 15 से 20 मिनट की है, लेकिन नवीन ने कहा कि “ज़िंदगी में शादी एक ही बार होती है, इसलिए इसे खास बनाना था।”
हेलीकॉप्टर के उतरने से पहले पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूरी पर रखा गया। वर-वधू और परिवार के छह सदस्य हेलीकॉप्टर से उतरे, जिसके बाद गांव में वंदे मातरम् और बैंड-बाजे की धुन गूंज उठी।
Author1