सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने तोड़ा एटीएम, अंदर से दबोचा गया
रेवाड़ी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने एटीएम मशीन तोड़ने की कोशिश की। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एटीएम के अंदर से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी नशे का आदी है।
-
हरियाणा के रेवाड़ी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ATM मशीन तोड़ी
-
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी की कोशिश
-
पुलिस और बैंक मैनेजर ने एटीएम के अंदर से पकड़ा आरोपी
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गढ़ी गांव में देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने चोरी की कोशिश में एटीएम मशीन तोड़ डाली। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार, निवासी पिथलवास गांव के रूप में हुई है। उसकी पत्नी चंडीगढ़ में शिक्षिका के रूप में कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमंत कुमार शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे छैनी-हथोड़ा लेकर एटीएम बूथ में घुस गया। उसने पहले एटीएम का शटर तोड़ा, फिर मशीन को तोड़ने की कोशिश की। एटीएम में करीब 25 लाख रुपए रखे हुए थे।
सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले, तो उन्होंने एटीएम का ताला टूटा देखा और अंदर से आवाजें आने की सूचना पुलिस को दी। गढ़ी गांव के सरपंच ने बताया कि उन्होंने शटर नीचे गिराकर एटीएम के अंदर मौजूद व्यक्ति को बंद कर दिया।
कुछ ही देर में पुलिस और पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर मौके पर पहुंचे। मैनेजर ने पुष्टि की कि एटीएम में 25 लाख रुपए थे। पुलिस ने शटर खोलकर इंजीनियर को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से प्लास, चाबी पाने, हथोड़ा और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। चौकी इंचार्ज ASI महीपाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और तोड़फोड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगे की जांच जारी है।
Author1