“आपको 1 करोड़ रुपये देंगे…” लेकिन रेणुका ठाकुर ने CM सुक्खू से मांगी कुछ और चीज़
हिमाचल की क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने फोन पर बधाई दी और 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। बातचीत में रेणुका ने सरकारी नौकरी मांगी, जिस पर सीएम ने “पक्का करूंगा” कहते हुए भरोसा दिलाया।
-
महिला विश्वकप विजेता टीम की सदस्य रेणुका ठाकुर से सीएम सुक्खू ने की फोन पर बात
-
मुख्यमंत्री ने किया 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान
हिमाचल प्रदेश की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को उन्हें फोन कर बधाई दी और एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
फोन पर बातचीत के दौरान सीएम ने रेणुका की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार महिलाओं का क्रिकेट मैच देखा और उन्हें रेणुका की बॉलिंग देखकर गर्व हुआ। “आपने बहुत अच्छी गेंदबाजी की, अफ्रीकी टीम पर दबाव बनाए रखा और हिमाचल का नाम ऊंचा किया,” सीएम ने कहा।
हालांकि, इस बातचीत के दौरान रेणुका की आवाज सुनाई नहीं दी, लेकिन सीएम सुक्खू के जवाब से स्पष्ट हुआ कि रेणुका ने सरकारी नौकरी की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा — “हाँ, पक्का करूंगा। आप मुझसे मिलने आना, आपकी नौकरी का भी कुछ करूंगा।”
रेणुका ठाकुर शिमला जिले के रोहड़ू के पारसा गांव की रहने वाली हैं। छोटे से गांव के मैदान से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच तक का सफर उनके लिए संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता का निधन बचपन में ही हो गया था, लेकिन उन्होंने उसी सपने को जिया जो पिता अपने बेटे के लिए देखते थे।
रेणुका की मां सुनीता ठाकुर ने न्यूज18 से बातचीत में बताया कि सरकार उनकी बेटी को सरकारी नौकरी दे, ताकि वह अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बन सके।
रेणुका का क्रिकेट सफर बेहद कठिन रहा है। कभी 1500 रुपये की सैलरी पर खेलना पड़ा, तो कभी 15,000 रुपये के जूतों के लिए एसडीओ से पैसे उधार लेने पड़े। आज वही रेणुका भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ी बनकर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
Author1