बदमाशी वाले बयान पर रेखा शर्मा ने मांगी माफी: बोलीं- चौधरी भजनलाल सम्मानित नेता; कुलदीप बिश्नोई बोले- हम संतुष्ट

भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने चौधरी भजनलाल पर दिए ‘बदमाशी’ वाले बयान पर माफी मांग ली है। कुलदीप बिश्नोई ने बयान से संतुष्टि जताते हुए समर्थकों से शिकायतें और FIR वापस लेने की अपील की।

बदमाशी वाले बयान पर रेखा शर्मा ने मांगी माफी: बोलीं- चौधरी भजनलाल सम्मानित नेता; कुलदीप बिश्नोई बोले- हम संतुष्ट

➤ रेखा शर्मा ने वीडियो जारी कर वापस लिए शब्द
➤ कुलदीप बिश्नोई ने समर्थकों से FIR वापस लेने की अपील की
➤ CM सैनी बोले- भजनलाल का हरियाणा विकास में बड़ा योगदान


हरियाणा की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए गए ‘बदमाशी’ वाले बयान को लेकर उठा विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर अपने बयान पर खेद जताया और शब्द वापस ले लिए।

रेखा शर्मा ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया। उनकी मंशा किसी एक व्यक्ति पर टिप्पणी करने की नहीं थी, बल्कि एक पार्टी की कार्यप्रणाली को लेकर बात कही गई थी।

उन्होंने वीडियो में कहा, “जहां तक चौधरी भजनलाल की बात है, वह एक सम्मानित और जमीन से जुड़े हुए मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके परिवार के कई सदस्य हमारी पार्टी में हैं। अगर मेरे बयान से उनके परिवार या समर्थकों को दुख पहुंचा हो तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं और खेद प्रकट करती हूं।”

कुलदीप बिश्नोई बोले- हम संतुष्ट

रेखा शर्मा के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे रेखा शर्मा के स्पष्टीकरण और खेद प्रकट करने से संतुष्ट हैं।

कुलदीप बिश्नोई ने कहा, “उन्होंने अपने शब्द वापस लेकर जो खेद प्रकट किया है, मैं उसकी प्रशंसा करता हूं। मैं भजनलाल साहब के समर्थकों और अनुयायियों का भी धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने कठिन समय में मजबूती से आवाज उठाई।”

समर्थकों से शिकायतें और FIR वापस लेने की अपील

कुलदीप बिश्नोई ने अपने समर्थकों से इस मामले को आगे न बढ़ाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पार्टी की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मैं सभी समर्थकों से आग्रह करता हूं कि इस विषय पर और वीडियो साझा न करें। जहां-जहां शिकायतें और FIR दर्ज हुई हैं, उन्हें वापस ले लें। इस पूरे प्रकरण का सम्मानजनक समापन यही है। हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है और मिलकर बीजेपी को मजबूत करना है।”

CM नायब सैनी ने भी दिया बयान

इस विवाद के बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी सिरसा में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल हरियाणा के सम्मानित नेता रहे हैं और राज्य के विकास में उनका अहम योगदान रहा है।

CM सैनी ने कहा, “चौधरी भजनलाल ने हरियाणा को आगे बढ़ाने के लिए काफी काम किया। वे हमारे लिए सम्मानित हैं। उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने का काम किया जा रहा है।”

ऐसे शुरू हुआ पूरा विवाद

24 अप्रैल को पंचकूला में भाजपा मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल के नामांकन कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-5 में जनसभा आयोजित की गई थी। इसी सभा में मंच से बोलते हुए रेखा शर्मा ने कांग्रेस शासन और चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए कहा था कि “जब यहां भजनलाल और चंद्रमोहन की बदमाशी थी, तब भी चुनाव जीते गए थे।”

उनके इस बयान के बाद भजनलाल समर्थकों और कई नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई थी। सोशल मीडिया पर बयान तेजी से वायरल हुआ और कई जगह शिकायतें भी दर्ज कराई गईं।