रवीना टंडन की मां के घर से 25 लाख के गहने चोरी, हाउस हेल्प गिरफ्तार
रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपये के गहने और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में जुहू पुलिस ने घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया है।
रवीना टंडन की मां के घर से 25 लाख के गहने और महंगी घड़ियां चोरी
परिवार का भरोसा जीतकर हाउस हेल्प पर चोरी करने का आरोप
जुहू पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर शुरू की जांच
बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के परिवार से जुड़ा एक बड़ा चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनकी मां के घर से करीब 25 लाख रुपये के गहने और दो महंगी घड़ियां चोरी होने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान राशि छाबड़िया (47) के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से परिवार के संपर्क में थी और रवीना टंडन की 86 वर्षीय मां की देखभाल में मदद करती थी। परिवार का आरोप है कि महिला ने विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला वर्ष 2020 से परिवार के संपर्क में थी। वह घर के कामों के साथ-साथ बुजुर्ग मां की देखरेख भी करती थी। इसी दौरान उसने परिवार का भरोसा जीत लिया था।
पुलिस के मुताबिक चोरी घर में रखे एक लॉकर से हुई। आरोप है कि महिला ने लॉकर से गहने और दो कीमती घड़ियां निकाल लीं। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार ने देखा कि गहने और घड़ियां अपनी जगह पर नहीं हैं।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला ने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया। हालांकि बाद में पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर दोनों घड़ियां वापस कर दीं और बताया कि गहने उसने किसी अन्य व्यक्ति को दिए हैं।
परिवार को जब गहनों की वापसी को लेकर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी महिला ने परिवार के एक सदस्य को कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी थी।
मामले की आधिकारिक शिकायत 19 मई को जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 21 मई को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। वह 29 मई तक पुलिस हिरासत में रही।
पुलिस अब बाकी गहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए आभूषण कहां रखे गए हैं और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
pooja