रणदीप हुड्डा ने बेटी की पहली झलक दिखाई, नाम रखा न्योमिका
रणदीप हुड्डा ने अपनी बेटी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की और उसका नाम ‘न्योमिका हुड्डा’ बताया। फैंस और सेलेब्स ने दी शुभकामनाएं।
■ रणदीप हुड्डा ने बेटी की पहली तस्वीर शेयर की, नाम रखा ‘न्योमिका’
■ पत्नी लिन लैशराम संग फोटो पोस्ट कर लिखा भावुक संदेश
■ 1 महीने की हुई बेटी, फैंस और सेलेब्स दे रहे बधाई
हरियाणा के रोहतक से ताल्लुक रखने वाले बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में पिता बने रणदीप ने अपनी जिंदगी के इस खास पल को फैंस के साथ साझा करते हुए पहली बार अपनी नवजात बेटी की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। इस तस्वीर में उनकी पत्नी लिन लैशराम और बेटी साथ नजर आ रही हैं, जिसे देखकर फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं।रणदीप हुड्डा ने अपनी पोस्ट में बेटी का नाम भी बताया। उन्होंने अपनी नन्ही परी का नाम ‘न्योमिका हुड्डा’ रखा है। पोस्ट में उन्होंने लिखा – “A new center to our world – NYOMICA HOODA - Divine Grace, Freedom and limitless like the sky”, यानी हमारी दुनिया का नया केंद्र – ईश्वरीय कृपा, आज़ादी और आसमान की तरह असीम।
बता दें कि रणदीप हुड्डा ने 10 मार्च को सोशल मीडिया के जरिए पिता बनने की खुशखबरी दी थी। अब ठीक एक महीने बाद, 10 अप्रैल को उन्होंने पहली बार अपनी बेटी की झलक फैंस को दिखाई है। तस्वीर में मां और बेटी के बीच का प्यार साफ झलक रहा है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है।रणदीप और लिन लैशराम की शादी 29 नवंबर 2023 को मणिपुर के इंफाल में पारंपरिक मैतेई रीति-रिवाजों से हुई थी। शादी के बाद यह उनका पहला बच्चा है, जिसे लेकर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।जैसे ही यह तस्वीर सामने आई, फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सितारों ने कमेंट्स के जरिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं। हर कोई ‘न्योमिका’ के उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ कर रहा है।
रोहतक में जन्मे रणदीप हुड्डा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सोनीपत के मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स से की। वे तैराकी और घुड़सवारी में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत चुके हैं। बाद में वे ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न गए, जहां उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ कई छोटे-बड़े काम किए। भारत लौटने के बाद उन्होंने मॉडलिंग और थिएटर से करियर शुरू किया और फिर बॉलीवुड में अपनी दमदार पहचान बनाई।
आज रणदीप हुड्डा न केवल एक सफल अभिनेता हैं, बल्कि अब एक पिता के रूप में भी अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर चुके हैं।
shubham