ब्राजीलियन मॉडल पर चर्चा छोटा मुद्दा, मुख्य सवाल फर्जी वोट का: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ब्राजीलियन मॉडल विवाद को छोटा मुद्दा बताते हुए कहा कि असली सवाल फर्जी वोटिंग का है। उन्होंने मोदी, शाह और चुनाव आयोग पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया।

ब्राजीलियन मॉडल पर चर्चा छोटा मुद्दा, मुख्य सवाल फर्जी वोट का: राहुल गांधी
  • राहुल गांधी ने कहा—ब्राजीलियन मॉडल पर चर्चा छोटा मुद्दा, मुख्य सवाल फर्जी वोट का

  • राहुल बोले—मोदी, शाह और चुनाव आयोग मिलकर संविधान पर हमला कर रहे

  • 2024 हरियाणा चुनाव में 25 लाख फर्जी वोट के आरोप दोहराए


कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ब्राजीलियन मॉडल को लेकर चल रही चर्चा पर गुरुवार को अपना रिएक्शन दिया। राहुल ने कहा कि मीडिया जानबूझकर मुद्दे को छोटा करके पेश कर रहा है। उन्होंने कहा, "मीडिया छोटे-छोटे उदाहरण उठा रहा है जैसे एक ब्राजीलियाई महिला ने वोट कैसे दिया। सवाल तो यह है कि एक फर्जी तस्वीर से वोट कैसे हो गया।"

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर संविधान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास और भी सबूत हैं। राहुल ने कहा कि वे भारत की जनरेशन Z और युवाओं को यह दिखाएंगे कि मोदी 'चुनाव चोरी' के जरिए प्रधानमंत्री बने।

इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब राहुल ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोट चोरी किए गए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने नीली डेनिम जैकेट पहने एक लड़की की तस्वीर भी दिखाई और सवाल उठाया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन मॉडल का क्या काम है।

राहुल गांधी के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है। कांग्रेस जहां इसे लोकतंत्र पर हमला बता रही है, वहीं भाजपा ने अब तक राहुल की फोटो वाले दावे पर स्पष्ट खंडन नहीं किया है, जिस पर राहुल ने भी टिप्पणी की कि "बीजेपी भी मेरी बात को नकार नहीं रही।"