ऑपरेशन लोटस पार्ट-2 के आरोपों से गरमाई राजनीति, जानें सीएम सैणी ने क्‍या कहा

पंजाब में 2027 चुनाव से पहले AAP ने भाजपा पर ऑपरेशन लोटस पार्ट-2 का आरोप लगाया है। विधायक नरिंदर कौर भराज ने CM नायब सैनी पर टिकट ऑफर का दावा किया, जबकि सैनी ने आरोपों को खारिज कर दिया।

ऑपरेशन लोटस पार्ट-2 के आरोपों से गरमाई राजनीति, जानें सीएम सैणी ने क्‍या कहा

➤ AAP ने 2027 से पहले विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया
➤ MLA नरिंदर कौर भराज ने बंद कमरे की मीटिंग और टिकट ऑफर का दावा किया
➤ CM नायब सैनी बोले आरोप बेबुनियाद, पंजाब की जनता देगी जवाब


पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान अचानक बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने BJP पर ‘ऑपरेशन लोटस पार्ट-2’ चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज और पार्टी के जनरल सेक्रेटरी बलतेज पन्नू ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधायकों से संपर्क कर उन्हें तोड़ने की कोशिश की। वहीं, CM सैनी ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वे संबंधित विधायक को जानते तक नहीं हैं और पंजाब की जनता इन दावों का जवाब देगी।

बंद कमरे की मीटिंग और टिकट ऑफर का दावा

संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज ने आरोप लगाया कि हरियाणा के CM नायब सैनी ने उनसे संपर्क कर बंद कमरे में मीटिंग का प्रस्ताव दिया। भराज के मुताबिक, उन्हें कहा गया कि भाजपा पंजाब में अपनी अगली राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करना चाहती है।

उन्होंने दावा किया कि उन्हें संगरूर से टिकट देने और “हर डिमांड पूरी करने” का आश्वासन दिया गया। भराज ने कहा कि भाजपा हर हलके में मजबूत उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर काम कर रही है और इसी के तहत अन्य दलों के नेताओं से संपर्क किया जा रहा है।

“AAP ने मुझे बनाया”—भराज की भावनात्मक अपील

भराज ने कहा कि उन्हें राजनीति में पहचान AAP और संगरूर की जनता ने दी है। उन्होंने बताया कि 19 साल की उम्र में गांव भराज में पहली महिला पोलिंग एजेंट बनने से लेकर विधायक बनने तक का सफर पार्टी की नीतियों के साथ जुड़कर तय किया है।

उन्होंने कहा कि बैनर लगाने से लेकर बसें भरने तक हर जिम्मेदारी निभाई और 27 साल की उम्र में पार्टी ने टिकट देकर उन पर भरोसा जताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी सियासी प्रलोभन का हिस्सा नहीं बनेंगी और 2027 में कहां से चुनाव लड़ना है, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।

“डेपुटेशन पर पंजाब भेजे गए हैं सैनी”—AAP का तंज

भराज ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह से CM सैनी इन दिनों पंजाब में सक्रिय हैं, उससे लगता है कि भाजपा ने उन्हें डेपुटेशन पर पंजाब भेज दिया है। उन्होंने कहा कि AAP के सभी विधायक और कार्यकर्ता 2027 की तैयारी में जुटे हैं और किसी भी साजिश का डटकर मुकाबला करेंगे।

बलतेज पन्नू का बयान—“हमारे MLA नहीं बिके”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद AAP के जनरल सेक्रेटरी बलतेज पन्नू ने कहा कि भाजपा पहले भी सरकार गिराने की कोशिश कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और पंजाब दोनों जगह विधायकों को खरीदने के प्रयास हुए, लेकिन पार्टी के विधायक नहीं बिके।

उन्होंने कहा कि भाजपा की इस बार की चाल भी फेल होगी और AAP पूरी मजबूती से मैदान में है।

CM नायब सैनी का पलटवार

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जिस विधायक ने आरोप लगाए हैं, उन्हें वे जानते तक नहीं। यह आरोप पूरी तरह राजनीतिक और निराधार हैं।

सैनी ने कहा कि भाजपा पंजाब में संगठन मजबूत कर रही है और 2027 में जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो गैंगस्टरवाद और अपराध पर कड़ा प्रहार किया जाएगा।

पहले भी लगे थे ऐसे आरोप

यह पहली बार नहीं है जब AAP ने भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया हो। इससे पहले भी सरकार बनने के बाद ऐसे आरोप लगे थे और DGP तक शिकायत दी गई थी। हालांकि, उस समय भी आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई थी।

अब देखना यह होगा कि क्या यह मामला सिर्फ सियासी बयानबाजी तक सीमित रहता है या फिर किसी जांच एजेंसी तक पहुंचता है। फिलहाल, पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और 2027 से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।