स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की बढ़ीं मुश्किलें , मेडिकल रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि , गिरफ्तारी पर टिकी सबकी नजर

प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में मेडिकल रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि। हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई, गिरफ्तारी की आशंका।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की बढ़ीं मुश्किलें , मेडिकल रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि , गिरफ्तारी पर टिकी सबकी नजर

■ नाबालिग बटुकों की मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि
■ अग्रिम जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई
■ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा, पुलिस ने तेज की विवेचना


प्रयागराज में नाबालिग बटुकों से यौन शोषण के आरोपों में घिरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पीड़ित दोनों नाबालिग बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि होने के बाद गिरफ्तारी की आशंका तेज हो गई है।

पुलिस ने बुधवार को दोनों बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया था। शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी ने भी दावा किया है कि रिपोर्ट में कुकर्म की पुष्टि हुई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस रिपोर्ट को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत पर सुनवाई

गिरफ्तारी से बचने के लिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। मामले की सुनवाई जस्टिस जितेंद्र कुमार सिन्हा की सिंगल बेंच में शुक्रवार को प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अदालत सख्त रुख अपना सकती है।

अगर हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो पुलिस कभी भी गिरफ्तारी की कार्रवाई कर सकती है।

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है मुकदमा

यह मामला प्रयागराज के झूंसी थाने में दर्ज किया गया है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद गिरी और तीन अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, माघ मेले के दौरान स्नान को लेकर सुर्खियों में आए स्वामी पर दो नाबालिग बटुकों के साथ यौन शोषण का आरोप लगाया गया था। जिला अदालत में दायर अर्जी पर एडीजे (रेप एवं पॉक्सो स्पेशल कोर्ट) ने झूंसी पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के निर्देश दिए थे।

फिलहाल पुलिस साक्ष्यों को एकत्र कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट को केस की अहम कड़ी माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अदालत की सुनवाई के बाद इस मामले में बड़ा फैसला सामने आ सकता है।