प्रधानमंत्री मोदी 17 अक्टूबर को राई एजुकेशन सिटी में

प्रधानमंत्री मोदी 17 अक्टूबर को राई एजुकेशन सिटी में हरियाणा के लिए विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और आयोजन स्थल की तैयारियों का जायजा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी 17 अक्टूबर को राई एजुकेशन सिटी में

➤ प्रधानमंत्री मोदी का राई एजुकेशन सिटी में कार्यक्रम
➤ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व प्रशासन ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण
➤ सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक समेत सभी तैयारियां पूरी


 आगामी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 17 अक्टूबर को राई स्थित एजुकेशन सिटी में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा नेतृत्व ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, पुलिस आयुक्त ममता सिंह और उपायुक्त सुशील सारवान ने आयोजन स्थल का दौरा किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि यह कार्यक्रम तीसरी बार हरियाणा में बनी भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री हरियाणा को विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लोग शामिल होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों।

निरीक्षण के दौरान हैलीपेड, वीआईपी रूट, आयोजन स्थल और पार्किंग स्थल का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य आज से शुरू किया जाए। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा करते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।

उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा चुकी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हो।

इस मौके पर एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसीपी अजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी पंकज गौड, एसएमडीए से नरेश कुमार, डीटीपी अजमेर सहित संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित थे।