इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स, पीएम मोदी ने रचा इतिहास , ट्रम्प से दोगुने फॉलोअर्स के साथ बने नंबर वन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स पार करने वाले दुनिया के पहले राजनीतिक नेता बन गए हैं। वे डोनाल्ड ट्रम्प समेत कई वैश्विक नेताओं से काफी आगे हैं।

इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स, पीएम मोदी ने रचा इतिहास , ट्रम्प से दोगुने फॉलोअर्स के साथ बने नंबर वन

इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स पार करने वाले पहले वैश्विक नेता बने पीएम मोदी
डोनाल्ड ट्रम्प से दोगुने फॉलोअर्स, दुनिया के 5 बड़े लीडर्स का कुल आंकड़ा भी कम
2014 में 50 हजार से शुरू हुआ सफर, 2026 में 100 मिलियन का ऐतिहासिक मुकाम


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उनके आधिकारिक Instagram अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या 100 मिलियन यानी 10 करोड़ के पार पहुंच गई है। इस उपलब्धि के साथ वे इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स हासिल करने वाले दुनिया के पहले राजनीतिक नेता और पॉलिटिशियन बन गए हैं।

पीएम मोदी ने 12 नवंबर 2014 को इंस्टाग्राम जॉइन किया था। उनकी पहली पोस्ट म्यांमार के नय पाई तॉ में आयोजित आसियान समिट से जुड़ी थी। अकाउंट बनाने के कुछ ही घंटों में उनके 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हो गए थे। इसके बाद यह सिलसिला लगातार बढ़ता गया और अब यह आंकड़ा 100 मिलियन तक पहुंच चुका है।

फॉलोअर्स के मामले में वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी काफी आगे हैं। ट्रम्प के करीब 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जो मोदी के मुकाबले आधे से भी कम हैं। ट्रम्प के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो करीब 15 मिलियन फॉलोअर्स के साथ आते हैं। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के लगभग 14.4 मिलियन और तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन के करीब 11.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इन पांच बड़े नेताओं के कुल फॉलोअर्स की संख्या भी पीएम मोदी के अकेले आंकड़े से कम है।

पीएम मोदी ने बुधवार देर रात इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा छुआ।

पीएम मोदी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में सबसे अधिक फॉलोअर्स X पर हैं, जबकि इंस्टाग्राम दूसरे नंबर पर है। इंस्टाग्राम पर उनकी लोकप्रियता खासतौर पर युवाओं के बीच तेजी से बढ़ी है। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, विदेश यात्राओं, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यक्तिगत क्षणों की झलकियां साझा करते रहते हैं।

उनके इंस्टाग्राम सफर की बात करें तो 2017-18 के दौरान उन्होंने 10 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया। 2019 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह ग्राफ तेजी से ऊपर गया और 2020 तक उनके फॉलोअर्स 40 मिलियन तक पहुंच गए। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके संदेशों और अभियानों को व्यापक प्रतिक्रिया मिली, जिससे फॉलोअर्स में बड़ी बढ़ोतरी हुई।

2022 तक यह संख्या 70 मिलियन पहुंची और 2023 में 80 मिलियन का आंकड़ा पार हुआ। जुलाई 2024 में उन्होंने 90 मिलियन फॉलोअर्स का माइलस्टोन छुआ। 2025 में उनका अकाउंट ग्लोबल इन्फ्लुएंसर्स की सूची में शामिल हुआ और अब 2026 में उन्होंने 100 मिलियन का ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है।

यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता को दर्शाती है, बल्कि भारत की डिजिटल और वैश्विक पहुंच का भी संकेत देती है। सोशल मीडिया के इस दौर में यह आंकड़ा वैश्विक राजनीति में डिजिटल प्रभाव की नई कहानी कह रहा है।