वैश्विक तनाव और महंगा क्रूड ! क्या देश में जल्द बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

कच्चे तेल की कीमत 126 डॉलर पार पहुंचने के बाद भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के संकेत मिले हैं। चार साल बाद कीमतों में बदलाव आम लोगों के बजट पर असर डाल सकता है।

वैश्विक तनाव और महंगा क्रूड ! क्या देश में जल्द बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

➤ पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के संकेत, चार साल बाद बड़ा बदलाव संभव
➤ कच्चे तेल की कीमत 126 डॉलर पार, वैश्विक तनाव से बाजार में उथल-पुथल
➤ कंपनियों को भारी घाटा, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर


देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर एक बार फिर बड़ा संकेत सामने आया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में ईंधन के दामों में बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता है। पिछले करीब चार सालों से स्थिर रही कीमतें अब आम लोगों के बजट पर असर डाल सकती हैं

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और शांति वार्ता में ठहराव के कारण वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। इस बीच कच्चा तेल 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो बीते चार वर्षों का उच्चतम स्तर है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दुनिया की नजरें अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर टिकी हुई हैं, जो वैश्विक तेल सप्लाई का अहम मार्ग है। यहां किसी भी तरह की अस्थिरता सीधे तौर पर तेल की कीमतों को प्रभावित कर सकती है।

भारत में कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह सरकारी तेल कंपनियों का बढ़ता घाटा भी है। अधिकारियों के मुताबिक, कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 20 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 100 रुपए प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले साल जहां कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब इसका औसत 114 डॉलर से ऊपर पहुंच चुका है।

हालांकि, पहले यह अनुमान लगाया गया था कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 25 से 28 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सरकार ने इन दावों को खारिज किया था। इसके बावजूद मौजूदा हालात संकेत दे रहे हैं कि कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है

इसी बीच मई महीने की शुरुआत में कमर्शियल एलपीजी, इंडस्ट्रियल डीजल और जेट फ्यूल के दाम पहले ही बढ़ा दिए गए हैं। ऐसे में अब आम उपभोक्ताओं को भी झटका लग सकता है।

फिलहाल राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले दिनों में इसमें बदलाव की संभावना जताई जा रही है।