पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश नाकाम, सेल्समैन ने बदमाशों से छीनी लोडेड रिवाल्वर

पानीपत में पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश को दो सेल्समैन ने बहादुरी से नाकाम कर दिया। बदमाशों से लोडेड रिवाल्वर छीन ली गई। एसपी भूपेंद्र सिंह ने दोनों को सम्मानित किया।

पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश नाकाम, सेल्समैन ने बदमाशों से छीनी लोडेड रिवाल्वर

➤ सेल्समैन की बहादुरी से टली बड़ी वारदात
➤ बदमाश रिवाल्वर छोड़ मौके से फरार
➤ एसपी भूपेंद्र सिंह ने किया सम्मानित


पानीपत के सिवाह स्थित पेट्रोल पंप पर वीरवार अल सुबह हुई लूट की कोशिश को वहां काम करने वाले दो सेल्समैनों ने अपनी बहादुरी और सूझबूझ से नाकाम कर दिया। बदमाश जहां कैश लूटने की नीयत से पहुंचे थे, वहीं सेल्समैन ने जान जोखिम में डालकर ना सिर्फ मुकाबला किया बल्कि बदमाश की लोडेड रिवाल्वर भी छीन ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल 112, थाना औद्योगिक सेक्टर-29 पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची और पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने दोनों सेल्समैन को किया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस बहादुरी की खुलकर सराहना की। उन्होंने वीरवार को दोनों सेल्समैन को अपने कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया और कहा कि ऐसे साहसी लोगों की वजह से अपराधियों के हौसले टूटते हैं।

एसपी ने कहा कि सीआईए की तीनों टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई हैं तथा आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे। इस दौरान एसपी रीडर सब इंस्पेक्टर सुभाष, थाना औद्योगिक सेक्टर-29 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष और पीआरओ अनिल कुमार भी मौजूद रहे।

अल सुबह पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार, थाना औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र के अंतर्गत रोहतक-गोहाना बाईपास मोड़ स्थित एमएम इंटरप्राइजेज पेट्रोल पंप पर वीरवार सुबह करीब 4:30 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट लगी एचएफ डिलक्स बाइक पर पहुंचे।

दोनों में से एक युवक बाइक से नीचे उतरा और सेल्समैन के सिर पर पिस्तौल तानकर कैश देने की धमकी देने लगा। जब सेल्समैन ने विरोध किया तो आरोपी ने गोली मारने की धमकी दी।

सेल्समैन ने दिखाई हिम्मत, बदमाश से छीनी रिवाल्वर

पंप पर काम करने वाले नागेश ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश के हाथ पर जोर से वार किया और पिस्तौल हटाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। संघर्ष के दौरान नागेश ने आरोपी के हाथ से लोडेड रिवाल्वर छीन ली

शोर सुनकर दूसरा सेल्समैन अरुण भी मौके पर दौड़कर पहुंच गया। खुद को घिरता देख दोनों बदमाश बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में रिवाल्वर से मिले 3 जिंदा राउंड

पुलिस ने मौके से बरामद रिवाल्वर की जांच की तो उसमें 3 जिंदा राउंड मिले। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सेल्समैन नागेश की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर-29 में बीएनएस की धारा 35, 62, 309(4) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गोंडा का रहने वाला है बहादुर सेल्समैन

शिकायतकर्ता नागेश मूल रूप से गोंडा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पिछले करीब दो वर्षों से उक्त पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में काम कर रहा है। उसके साथ दिल्ली निवासी अरुण भी नाइट ड्यूटी पर मौजूद था।

नागेश ने बताया कि जब बदमाशों ने उसे धमकाया तो उसने डरने के बजाय मुकाबला करने का फैसला किया। इसी बहादुरी की वजह से बड़ी लूट की वारदात टल गई।