पानीपत में मोटे ब्याज पर कर्ज देकर लोगों का शोषण करने वाले सूदखोरों की खैर नहीं, पुलिस एक्शन में
पानीपत पुलिस ने मोटे ब्याज पर कर्ज देकर गरीबों का शोषण करने वाले सूदखोरों के खिलाफ अभियान छेड़ा। एसपी भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों को पहचान कर कानूनी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
-
पानीपत पुलिस ने सूदखोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू की
-
गरीबों को मोटे ब्याज पर कर्ज देकर शोषण और धमकाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
-
एसपी भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए, जनता को भी जागरूक करने की अपील
पानीपत जिले में मोटे ब्याज पर कर्ज देकर लोगों का शोषण करने वाले सूदखोरों के खिलाफ अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (IPS) ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रबंधकों की बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने सूदखोरों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए।
एसपी ने अधिकारियों को अवगत कराया कि हाल ही में डीजीपी शत्रुजीत कपूर की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया था। उन्होंने बताया कि कई शिकायतें मिली हैं कि सूदखोर गरीब और जरूरतमंद लोगों को ऊंची ब्याज दरों पर पैसा उधार देते हैं और समय पर ब्याज न चुकाने पर मारपीट और अमानवीय कृत्य करते हैं। उन्होंने साफ कहा – ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में बताया गया कि सूदखोर खासकर छोटे कामकाज करने वाले गरीब तबके को निशाना बनाते हैं। लोग अपने परिवार के पालन-पोषण और छोटे व्यवसाय के लिए इनसे कर्ज लेते हैं। लेकिन ऊंचे ब्याज और लगातार दबाव के कारण वे एक बार जाल में फंसकर बंधुआ मजदूर जैसी स्थिति में आ जाते हैं।
एसपी भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर क्षेत्र में सक्रिय सूदखोरों की तुरंत पहचान की जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अभियान को जनहित से जोड़ने और जनता को जागरूक करने पर भी जोर दिया ताकि कोई भी व्यक्ति ऐसे जाल में न फंसे।
बैठक में एएसपी हर्षित गोयल, डीएसपी सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नवीन संधू, डीएसपी राजबीर सिंह सहित सभी थाना प्रबंधक मौजूद रहे।
Akhil Mahajan